असम में हिमंता आज लेंगे CM पद की शपथ, ये विधायक बनेंगे मंत्री, समारोह में शामिल होंगी PM मोदी समेत कई हस्तियां

असम में बीजेपी की सहयोगी AGP और BPF के दो मंत्रियों सहित चार मंत्री आज (12 मई) मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा के साथ एनडीए नीत नयी सरकार में मंत्री पद की शपथ लेंगे. हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि पूर्व मंत्री रंजीत कुमार दास असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार होंगे.

ये चार विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

उन्होंने कहा कि यह घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है कि मेरे चार सहयोगी – रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में मेरे साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे.

बोरा, असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष हैं और बोरो, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) से विधायक हैं. और दोनों एनडीए नीत पूर्व सरकार में मंत्री रह चुके हैं. नियोग पिछली सरकार में भी मंत्री थीं. तेली पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं, जिन्होंने 2026 के चुनाव में राज्य की राजनीति में वापसी की.

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, मुझे यह बताते हुए भी खुशी हो रही है कि विधायक रंजीत दास असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए हमारे उम्मीदवार होंगे. उन्होंने कहा कि मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. हम सब मिलकर एक मजबूत, अधिक विकसित और समृद्ध असम के लिए पूरी लगन से काम करते रहेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे गुवाहाटी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम में बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए की तीसरी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे. मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंत बिस्वा सरमा और अन्य बीजेपी नेताओं ने गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयर पोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया. पीएम मोदी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जिसका नेतृत्व हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार करेंगे.

असम में पीएम मोदी का हार्दिक स्वागत

हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट किया, असम में पीएम मोदी का हार्दिक स्वागत है. उनका यह दौरा असम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि राज्य में लगातार तीसरी बार बीजेपी-एनडीए सरकार का शासन शुरू हो रहा है. हम उनके निरंतर आशीर्वाद और मार्गदर्शन की कामना करते हैं.

ये हस्तियां समारोह में होंगी शामिल

हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, शीर्ष उद्योगपति, सत्राधिकार (वैष्णव मठों के प्रमुख) और अन्य गणमान्य व्यक्ति, बीजेपी कार्यकर्ता और बूथ समिति अध्यक्ष शामिल होंगे.

यहां देखें लिस्ट

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
  • बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
  • केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह
  • सर्बानंद सोनोवाल
  • शिवराज सिंह चौहान
  • ललन सिंह
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया
  • चिराग पासवान
  • दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
  • गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
  • राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा
  • बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
  • छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
  • उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
  • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
  • ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी
  • मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version