ईरान की डेडलाइन को दो हफ्तों के लिए बढ़ाया जाए, पाकिस्तानी PM शरीफ की ट्रंप से अपील

ईरान की डेडलाइन को दो हफ्तों के लिए बढ़ाया जाए, पाकिस्तानी PM शरीफ की ट्रंप से अपील

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईरान को दी गई समय सीमा बढ़ाने का आग्रह किया है. उन्होंने राजनयिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए दो हफ्ते के युद्धविराम का आह्वान किया है. मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में शरीफ ने ईरान से दो हफ्ते के लिए होर्मुज स्ट्रेट खोलने का भी अनुरोध किया.

पीएम शरीफ की यह अपील ट्रंप की डेडलाइन खत्म होने से कुछ घंटे पहले आई है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि अगर तेहरान वाशिंगटन के साथ समझौता करने और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने में विफल रहता है, तो ईरानी बुनियादी ढांचे पर हमले तेज कर दिए जाएंगे.

ट्रंप ने ईरान को दी डेडलाइन

ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर ईरान डेडलाइन का पालन नहीं करता है, तो उसकी पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी. सोशल मीडिया पोस्ट में शरीफ ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के उद्देश्य से किए जा रहे राजनयिक प्रयास लगातार, मजबूती से और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहे हैं और निकट भविष्य में ठोस परिणाम देने की क्षमता रखते हैं.

डेडलाइन को दो हफ्ते के लिए बढ़ाने की अपील

उन्होंने कहा कि कूटनीति को अपना रास्ता तय करने देने के लिए, मैं राष्ट्रपति ट्रंप से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि वे डेडलाइन को दो हफ्ते के लिए बढ़ा दें. शरीफ ने सद्भावना के तौर पर ईरान से होर्मुज स्ट्रेट को कुछ समय के लिए फिर से खोलने की अपील की और सभी युद्धरत पक्षों से इस दौरान पूरे क्षेत्र में युद्धविराम का पालन करने का आग्रह किया.

कूटनीति के माध्यम से युद्ध का अंत

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विराम से क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति और स्थिरता के हित में कूटनीति के माध्यम से युद्ध का निर्णायक अंत संभव हो सकेगा. इससे पहले मंगलवार को, पाकिस्तान के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व ने सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र में ऊर्जा सुविधाओं पर ईरानी हमलों की निंदा करते हुए इसे खतरनाक वृद्धि बताया, जो क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को कमजोर करती है.

शांति प्रक्रिया में मध्यस्थ की भूमिका

पाकिस्तान ने तेहरान और वाशिंगटन के बीच शांति प्रक्रिया में मध्यस्थ की भूमिका निभाई है और पश्चिम एशिया में जारी शत्रुता को खत्म करने का प्रयास किया है, जो 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद शुरू हुई थी. जवाबी कार्रवाई में, ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरने वाले अधिकांश समुद्री यातायात को सीमित कर दिया, जिससे वैश्विक ईंधन आपूर्ति संकट उत्पन्न हो गया.

होर्मुज स्ट्रेट विश्व के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक कच्चे तेल की आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा प्रतिदिन गुजरता है. इस मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा का वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर तत्काल और व्यापक प्रभाव पड़ सकता है.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit