ईरान की परमाणु ताकत खत्म…मौत की अटकलों के बीच बोले नेतन्याहू- ‘अभी मैं जिंदा हूं’

ईरान की परमाणु ताकत खत्म…मौत की अटकलों के बीच बोले नेतन्याहू- ‘अभी मैं जिंदा हूं’

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत की अटकलों के बीच सामने आकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान को लेकर कई बड़ी बातें कही. शुरुआती भाषण में प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ युद्ध की उपलब्धियों की सराहना की. उन्होंने हिब्रू भाषा में कहा कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन नहीं कर सकता और बैलिस्टिक मिसाइलों का निर्माण भी नहीं कर सकता. खुद को लेकर चल रही अटकलों पर भी नेतन्याहू ने कहा कि मैं पहले भी कह चुका हूं कि मैं जिंदा हूं.

पीएम नेतन्याहू ने कहा कि ईरान पहले से कहीं अधिक कमजोर है, जबकि इजराइल एक क्षेत्रीय शक्ति है और कुछ लोग तो उसे विश्व शक्ति भी कहते हैं. उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक आवश्यक होगा.

पूरी दुनिया की रक्षा कर रहे इजराइल-अमेरिका

नेतन्याहू ने अपनी सेहत के बारे में फैली अफवाहों का मजाक उड़ाते हुए की और कहा कि सबसे पहले तो मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं जिंदा हूं. ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध का ब्यौरा देते हुए नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल और अमेरिका पूरे मिडिल ईस्ट और मैं यह कहने की हिम्मत करता हूं कि पूरी दुनिया की रक्षा कर रहे हैं. नेतन्याहू ने दावा किया कि 20 दिनों की लड़ाई के बाद, हम जीत रहे हैं और ईरान तबाह हो रहा है. उन्होंने तेहरान की सैन्य क्षमताओं, विशेष रूप से उनके परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों को हुए भारी नुकसान का हवाला दिया.

ईरान के मिसाइल और ड्रोन कमजोर

इजराइल के पीएम ने कहा कि ईरान के मिसाइल और ड्रोन शस्त्रागार काफी हद तक कमजोर हो रहे हैं और उन्होंने उन्हें नष्ट करने का संकल्प लिया. उन्होंने इस अभियान को इस्लामी गणराज्य द्वारा उत्पन्न खतरे को खत्म करने के निरंतर प्रयास के रूप में पेश किया.

अमेरिका के हित में निर्णय लेते हैं राष्ट्रपति ट्रंप

नेतन्याहू ने ईरान के साथ संघर्ष में अमेरिका को घसीटने की ‘फर्जी खबरों’ का खंडन किया. उन्होंने कहा कि क्या सच में कोई सोचता है कि कोई राष्ट्रपति ट्रंप को बता सकता है कि उन्हें क्या करना चाहिए? अरे नहीं. उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति हमेशा वही निर्णय लेते हैं जो उन्हें अमेरिका के हित में लगता है. उन्होंने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के दौरान इजराइल और अमेरिका के तालमेल की प्रशंसा करते हुए कहा, हम बिजली की गति से टारगेट हासिल कर रहे हैं.

जमीनी अभियान का संकेत

पीएम ने कहा कि ईरान के संभावित जमीनी सैन्य अभियान के कई विकल्प हैं, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया. सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरानी नेतृत्व के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर, पीएम नेतन्याहू ने कहा, आप एक अयातुल्ला को दूसरे से बदलना नहीं चाहेंगे.

यह समझाते हुए कि इस्लामी शासन के पतन की स्थिति में अंतरिम नेता के रूप में कौन सत्ता संभालेगा, नेतन्याहू ने आगे कहा, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी. उन्होंने कहा कि यह ईरानी जनता पर निर्भर है कि वे इस समय की जिम्मेदारी लें. शासन परिवर्तन में सहायता के लिए भविष्य में संभावित जमीनी अभियान का संकेत देते हुए, नेतन्याहू ने कहा, इस जमीनी अभियान के कई विकल्प हैं, और मैं उन सभी विकल्पों को आपके साथ साझा नहीं करना चाहता.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit