ईरान के ऊर्जा संयत्र हमलों पर 10 दिन की रोक, ट्रंप बोले- अच्छी चल रही बातचीत

ईरान से जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा कर दिया है. ट्रंप ने कहा कि तेहरान के अनुरोध पर वह ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले 10 दिनों के लिए रोक रहे हैं. उन्होंने कहा कि अब यह समय अवधि 6 अप्रैल 2026, शाम 8 बजे तक के लिए बढ़ा दी गई है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इस बीच बातचीत जारी है और मीडिया में गलत सूचना फैलाने वाले दावों के बावजूद बातचीत बहुत अच्छे ढंग से चल रही है.

यह विराम युद्ध बढ़ने के बाद से ईरान के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाने वाले अमेरिकी हमलों में पहली औपचारिक ढील है, और इससे कूटनीति के लिए जगह मिल सकती है. यह घोषणा ईरान के बुनियादी ढांचे, जिसमें प्रमुख तेल और ऊर्जा सुविधाएं शामिल हैं, पर हफ्तों से चल रहे अमेरिकी-इजराइली हमलों के बाद आई है, जिनका मकसद तेहरान की सैन्य और आर्थिक क्षमता को कमजोर करना था.

पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमले

ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिनमें अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी देशों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जिससे संघर्ष एक व्यापक क्षेत्रीय युद्ध की ओर बढ़ गया. यह अभी स्पष्ट नहीं है कि 10 दिनों का यह विराम युद्धविराम की ओर ले जाएगा या केवल एक अस्थायी स्थगन के रूप में कार्य करेगा. ट्रंप के बयान में विराम को बढ़ाने के लिए शर्तों का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन ईरानी अनुरोध का जिक्र दोनों पक्षों के बीच प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कुछ हद तक बातचीत का संकेत देता है.

ईरान ने अमेरिका को कीमती तोहफा भेजा

बता दें कि इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान ने अमेरिका को बहुत कीमती तोहफा भेजा है. गुरुवार को उन्होंने कहा कि ईरान ने होर्मुज जलसन्धि से 10 तेल टैंकर पार कराने की अनुमति दी. ट्रंप ने यह बयान व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान दिया. ट्रंप के मुताबिक ईरान ने शुरू में आठ टैंकर गुजरने की अनुमति देने का कहा था. ये कुछ पाकिस्तानी झंडे वाले थे अंततः संख्या 10 टैंकर तक बढ़ गई.

ट्रंप ने जारी किया अल्टीमेटम

22 मार्च को डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर 48 घंटों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला गया तो अमेरिका उसके ऊर्जा संयंत्रों पर हमला करेगा. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने धमकी दी कि अगर जलमार्ग पूरी तरह से सुलभ और खतरे से मुक्त नहीं हुआ तो वे सबसे बड़े संयंत्र से शुरू करके प्रमुख ऊर्जा संयंत्रों को नष्ट कर देंगे. हालांकि, एक दिन बाद, ट्रंप ने सकारात्मक बातचीत के बाद नियोजित हमलों को पांच दिन के लिए टालने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने तनाव को हल करने के लिए रचनात्मक बातचीत की, जबकि ईरान ने दावा किया कि यह स्थगन वाशिंगटन के कड़े रुख के बाद पीछे हटने का संकेत है.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version