ईरान को दिए हथियार तो लगाएंगे 50 फीसदी टैरिफ… होर्मुज घेराबंदी के बीच चीन को ट्रंप की धमकी

ईरान को दिए हथियार तो लगाएंगे 50 फीसदी टैरिफ… होर्मुज घेराबंदी के बीच चीन को ट्रंप की धमकी

पाकिस्तान में शांति वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान कर दिया है. उन्होंने कहा कि वह ईरान को हथियार देने वाले देशों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाएंगे. ट्रंप ने कहा कि मुझे शक है, चीन ईरान को हथियार दे सकता है. अगर चीन ने ऐसा किया तो हम उस पर 50 फीसदी टैरिफ लगाएंगे. ट्रंप ने धमकी दी कि ईरान में जो कुछ बचा है, हम उसे खत्म करेंगे. हम उसका पावर ग्रिड तबाह करके उन्हें 10 साल तक अंधेरे में डुबो देंगे.

ट्रंप ने कहा कि मैनें ऐसी खबरें सुनी हैं कि चीन ईरान को एंटी एयरक्राफ्ट ‘शोल्डर मिसाइलें’ दे रहा है. हालांकि उन्होंने ईरान को हथियार आपूर्ति करने की संभावना को कम बताया, लेकिन साथ ही कहा कि अगर चीन ऐसा करता है तो उसके सामान पर टैरिफ लगाया जाएगा. ट्रंप ने कहा कि मेरे चीन से अच्छे संबंध हैं, और मुझे लगता है कि वे ऐसा नहीं करेंगे, लेकिन हो सकता है कि उन्होंने शुरुआत में थोड़ा-बहुत किया हो. लेकिन अगर हम उन्हें ऐसा करते हुए पकड़ते हैं, तो उन पर 50% टैरिफ लगेगा.

ईरान के खिलाफ धमकियों का सिलसिला शुरू

दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार को ईरान के खिलाफ अपनी धमकियों का सिलसिला फिर से शुरू कर दिया और चीन पर भी सीधा निशाना साधा. वे उन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि चीन पिछले बुधवार से शुरू हुए दो हफ्ते के युद्धविराम के बीच ईरान को हथियारों की खेप भेजने की तैयारी कर रहा है.

50 प्रतिशत का जुर्माना लगेगा

ट्रंप ने कहा कि मुझे शक है कि वे ऐसा करेंगे लेकिन अगर हम उन्हें ऐसा करते हुए पकड़ लेते हैं, तो उन पर 50 प्रतिशत का जुर्माना लगेगा, जो बहुत बड़ी रकम है. उन्होंने यह धमकी सभी देशों को दी है, लेकिन विशेष रूप से चीन पर निशाना साधा. ट्रंप ने चीन को कच्चे तेल की बिक्री की पेशकश भी की, जो कि घरेलू बाजार से और वेनेजुएला से की जा सकती है, एक ऐसा देश जिसे अमेरिका ने इस साल की शुरुआत में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद लगभग नियंत्रित कर लिया है.

टैरिफ के बारे में क्या?

ट्रंप द्वारा भारत, ब्राजील और चीन से लेकर कनाडा जैसे सहयोगी देशों तक के खिलाफ लगाए गए अधिकांश टैरिफ को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कानून के खिलाफ करार देते हुए रद्द कर दिया है.फरवरी 2026 में आपातकालीन कानून पर आधारित उनके टैरिफ के खिलाफ कोर्ट के फैसले से पहले, चीन पर टैरिफ 125% तक पहुंच गया था. बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू होने पर यह 30% पर स्थिर हो गया. कोर्ट के आदेश के बाद, ट्रंप ने एक अलग व्यापार कानून के तहत अस्थायी टैरिफ लगाकर पुराने टैरिफ को बदलने की कोशिश की. इसलिए वर्तमान में चीन पर 10-15% टैरिफ लगा है.

जिनपिंग से मुलाकात

बीजिंग ने दावा किया है कि उसने उस समझौते में मध्यस्थता करने में मदद की, जिससे इस हफ्ते की शुरुआत में ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध विराम हुआ था. इसके अलावा, ट्रंप अगले महीने की शुरुआत में राष्ट्रपति जिनपिंग से बातचीत के लिए चीन की यात्रा करने वाले हैं.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit