कैटरिंग वाहन ने IndiGo प्लेन को मारी टक्कर, इंजन को नुकसान, ड्राइवर की होगी जांच

पश्चिम बंगाल में कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक कैटरिंग वाहन ने खड़े इंडिगो के एयरबस A320 प्लेन के दाहिने इंजन को टक्कर मार दी. इस घटना में प्लेन को काफी नुकसान पहुंचा है. हादसा रात करीब 9:35 बजे हुआ. उस वक्त विमान तय पार्किंग स्थान पर खड़ा था.

इसी दौरान एक एसयूवी जैसी गाड़ी वहां पहुंची और विमान के दाहिने इंजन के पिछले हिस्से से टकरा गई. घटना के बाद एयरलाइन के इंजीनियरों ने तत्काल नुकसान का आकलन शुरू कर दिया. यह घटना Bay No. 51 पर हुई.

वैकल्पिक विमान की व्यवस्था

हादसे के बाद तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया. साथ ही प्लेन को परिचालन के लिए मंजूरी मिलने से पहले गहन निरीक्षण और आवश्यक रखरखाव के लिए रोक दिया गया है. इंडिगो ने कहा कि हम इस मामले की जांच के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे. यह विमान कोलकाता से गुवाहाटी के लिए उड़ान संख्या 6E 6663 संचालित करने वाला था. इंडिगो के मुताबिक, इस उड़ान के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है.

ड्राइवर को मेडिकल जांच के लिए भेजा

जानकारी के मुताबिक, इंजन को गंभीर नुकसान हुआ है, जिसके कारण विमान को कुछ दिनों के लिए सेवा से बाहर रखा जा सकता है. एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, कैटरिंग गाड़ी के ड्राइवर को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की थकान की वजह से हुआ या वह नशे में था. फिलहाल, इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

इंडिगो विमान में मिला था लेटर

पिछले हफ्ते मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में ‘खतरा’ लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके कारण फ्लाइट को 8 घंटे से अधिक देरी से रवाना होना पड़ा. अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद विमान को तुरंत एक अलग स्थान पर ले जाया गया. वहां यात्रियों, उनके सामान और पूरे विमान की गहन तलाशी ली गई, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version