गाजियाबाद में देश विरोधी काम, पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार, मुकदमा दर्जा

गाजियाबाद के थाना कौशांबी पुलिस ने राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल एक गिरोह का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोवापुर क्षेत्र के कुछ युवक रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों से जुड़े संवेदनशील स्थानों के वीडियो बनाकर लोगों को भेजते हैं. साथ ही पैसे का लालच देकर अन्य युवाओं को भी इस काम में शामिल करते हैं.

सूचना के आधार पर थाना कौशांबी पुलिस टीम ने भोवापुर टी-पॉइंट के पास कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान एक अन्य आरोपी साने इरम उर्फ महक को भी आनंद बिहार बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया गया.

संवेदनशील जगहों की फोटो और वीडियो

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फोन और चैट के माध्यम से संवेदनशील जगहों की फोटो और वीडियो बनाकर भेजते थे और इसके बदले पैसे लेते थे. साथ ही अन्य लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करते थे. पुलिस का कहना है कि इन गतिविधियों से धार्मिक सद्भाव और देश की एकता-अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था.

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों में सुहेल मलिक, साने इरम उर्फ महक, प्रवीन, राज वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि और रितिक गंगवार शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152/61(2) और शासकीय गुप्त अधिनियम की धारा 3/5 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version