जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक शख्स की गोली लगने से मौत हो गई. जिसका नाम आरिफ हुसैन बताया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक ये घटना उस समय हुई जब मृतक स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) से राइफल छीनने की कोशिश कर रहा था. इस दौरान तीन पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं, जिसमें से एक को काफी गंभीर चोटें आई हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक ये घटना डोडा जिले के भद्रवाह की है. ऊंचाई वाले क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद SOG की एक टीम क्षेत्र में निगरानी रख रही थी. शुक्रवार को भद्रवाह कस्बे से लगभग 35 किलोमीटर दूर जाई-गांडोह सड़क पर दो लोगों को SOG की टीम ने रोका. जिसके बाद उन्होंने टीम पर हमला किया.
युवक ने की राइफल छीनने की कोशिश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार SOG की टीम ने रात करीब 11.30 बजे 2 युवकों को रोका. इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला किया और सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की. SOG की टीम और युवक के बीच हाथापाई हुई. अधिकारी ने बताया कि हाथापाई के दौरान SOG के एक जवान ने गोली चलाई, जो युवक को गोली लगी, जबकि इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिसकर्मी के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं. वहीं दूसरा युवक अभी भी फरार है.
लाज के दौरान युवक की मौत
इसके बाद सभी घायलों को भद्रवाह के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए डोडा सरकारी मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान 30 वर्षीय आरिफ हुसैन के रूप में हुई, जो चीका गांव का रहने वाला था. जिस जगह पर ये घटना हुई है वो मृतक के घर से लगभग 25 किलोमीटर दूर है. पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई आतंकी एंगल नहीं है. शुरुआती जांच से पता चलता है कि मृतक मवेशियों की तस्करी में शामिल था.
