जीजा को चुभ गई साले की ये बात, 6 घंटे तक 33000 वोल्टेज के टावर पर बैठा रहा; उतारने में पुलिस के छूटे पसीने

जीजा को चुभ गई साले की ये बात, 6 घंटे तक 33000 वोल्टेज के टावर पर बैठा रहा; उतारने में पुलिस के छूटे पसीने

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में जीजा-साले की कहासुनी उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गई, जब नाराज जीजा 33 केवी बिजली टावर पर चढ़ गया. जीजा को समझाते-समझाते दोपहर से शाम हो गई. करीब छह घंटे तक वह टावर पर बैठा रहा. पुलिस-प्रशासन उसे सुरक्षित उतारने में जुटा रहा. अंत में पुलिस, प्रशासन और पावरग्रिड की टीम ने समझाने और सुरक्षा इंतजाम के बाद उसे नीचे उतारा. नशे और पारिवारिक विवाद से शुरू हुआ यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया.

दरअसल, मामला मझौली थाना क्षेत्र के बम्हनमरा टोला गांव का है. यहां ससुराल आए एक युवक ने अपने साले से कहासुनी के बाद ऐसा कदम उठा लिया कि गांव में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, अमर सिंह (35) जो शहडोल जिले के खारी देवरी का रहने वाला है, वह अपनी पत्नी के मायके मझौली आया हुआ था. बताया जा रहा कि किसी बात को लेकर उसकी पत्नी के भाई से बहस हो गई. विवाद के समय वह नशे में भी था. गुस्से और आवेश में घर से निकलकर वह पास के महुआ पानी क्षेत्र में लगे 33 केवी बिजली टावर पर चढ़ गया.

ये भी पढ़ें- MP के आगर मालवा में फटा गीजर, ढह गई घर की छत और दीवार; बाल-बाल बचे लोग

टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठा था युवक

जब ग्रामीणों ने उसे टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठे देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इतनी ऊंचाई पर चढ़े युवक को देखकर लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी. तुरंत मझौली थाने को सूचना दी गई. मौके पर थाना प्रभारी विशाल शर्मा अपनी टीम के साथ पहुंचे. उनके साथ तहसीलदार दिलीप सिंह और डॉ. राकेश तिवारी भी मौजूद रहे. युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस ने काफी देर तक समझाइश दी. परिजन और गांव के लोग भी उसे आवाज लगाकर नीचे आने के लिए मनाते रहे, लेकिन वह जिद पर अड़ा रहा.

पावरग्रिड टीम की मदद ली गई

स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने पावरग्रिड की टीम को बुलाया, ताकि जरूरत पड़ने पर बिजली सप्लाई को नियंत्रित किया जा सके और किसी अनहोनी से बचा जा सके. सुरक्षा के लिहाज से आसपास भीड़ को दूर रखा गया और एहतियाती इंतजाम किए गए. करीब शाम सात बजे लगातार बातचीत और सावधानीपूर्वक प्रयासों के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. जैसे ही वह नीचे आया, पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. पांच घंटे तक चली इस कवायद के दौरान पूरे गांव में तनाव का माहौल बना रहा.

थाना प्रभारी ने दी घटना की जानकारी

थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि युवक नशे की हालत में था. इसलिए वह स्पष्ट रूप से यह नहीं बता पाया कि आखिर वह टावर पर क्यों चढ़ा? प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद और आवेश में उठाए गए कदम का प्रतीत हो रहा है. फिलहाल युवक सुरक्षित है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit