नीदरलैंड पहुंचे PM मोदी, प्रवासी भारतीयों ने किया जोरदार स्वागत, जानिए पूरा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को नीदरलैंड पहुंचे, जहां वह ट्रेड, टेक्नोलॉजी, डिफेंस और एनर्जी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए अपने प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ बातचीत करेंगे. बता दें, पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में लगभग ढाई घंटे के संक्षिप्त ठहराव के बाद नीदरलैंड पहुंचे. उन्होंने अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत की.

नीदरलैंड पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का हवाईअड्डे पर एडजुटेंट-जनरल और महामहिम राजा के सैन्य परिवार के प्रमुख रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार, डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन और नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन तथा डच सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया.

प्रवासी भारतीयों ने किया जोरदार स्वागत

नीदरलैंड के हेग पहुंचने पर पीएम मोदी का भारतीय प्रवासियों ने भी जोरदार स्वागत किया. होटल में पहुंचे पीएम मोदी को बच्चों और महिलाओं के बीच भी देखा गया. पीएम मोदी के आगमन से उत्साहित प्रवासियों ने तिरंगे के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया. साथ ही पीएम मोदी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति के साक्षी बने.

संबंधों को गहरा करने का मौका

पीएम मोदी ने अपने आगमन के तुरंत बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, मैं एम्स्टर्डम पहुंचा हूं. नीदरलैंड की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति प्रदान की है. उन्होंने कहा कि यह सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने का अवसर प्रदान करता है.

प्रधानमंत्री जेटेन और महामहिम से करेंगे मुलाकात

पीएम मोदी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री जेटेन से बातचीत करेंगे और महामहिम राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वह इस यात्रा के दौरान एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए उत्सुक हैं. पीएम की 15 से 17 मई तक नीदरलैंड की यह यात्रा 2017 की उनकी यात्रा के बाद दूसरी यात्रा है.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version