बिहार में कुदरत का कहर… आंधी-तूफान ने मचाई भीषण तबाही, आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत

बिहार में कुदरत का कहर… आंधी-तूफान ने मचाई भीषण तबाही, आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत

बिहार में रविवार को सीमांचल में आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई. तेज रफ्तार हवाओं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. हवाओं की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे हालात बेकाबू हो गए. आंधी इतनी भीषण थी कि कई स्थानों पर बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर गए. वहीं, कई घरों के टीन शेड हवा में उड़ गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आंधी के बाद रविवार को रुक-रुककर हुई बारिश और वज्रपात ने भी जमकर तबाही मचाई. नजारा ऐसा था कि दिन में ही रात हो गई थी. कटिहार जिले में 3 लोगों की मौत हो गई. वहीं पूर्णियां में एक की मौत हुई है.

कटिहार जिले के आजमनगर, कोढ़ा और सेमापुर थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरी. मृतकों की पहचान आजमनगर प्रखंड के शीतलमनी पंचायत निवासी 65 वर्षीय मो. अब्बास, कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत निवासी 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव तथा सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव निवासी 45 वर्षीय अकमल हुसैन के रूप में हुई है.

पूर्णिया और कटिहार में चार लोगों की मौत

आजमनगर प्रखंड के शीतलमनी पंचायत अंतर्गत कोरोबारी गांव में मो. अब्बास बहियार से मवेशी लाने गए थे. इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया कि अब्बास परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. अंचल अधिकारी मोहम्मद रिजवान आलम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मुआवजा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

वहीं कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत के खुदना गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव की मौत हो गई. अचानक मौसम खराब होने के दौरान वह इसकी चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मंगलेश अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं.

खेत में काम करने के दौरान गिरी बिजली

इधर सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव में अकमल हुसैन खेत में काम करने गए थे. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई और बिजली गिरने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद तीनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने का आश्वासन दिया है.

वहीं पूर्णियां जिले के अमौर में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भीषण वज्रपात की चपेट में आने से भवानीपुर पंचायत के सेहालो गांव निवासी 35 वर्षीय रेहाना खातून की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका के पिता मो. जहांगीर ने बताया कि शनिवार रात अचानक मौसम खराब हो गया. तेज आंधी और बारिश के बीच रेहाना खातून घर के दरवाजे पर गिरे आम के टिकोले चुनने के लिए बाहर निकली थीं. इसी दौरान अचानक आसमान से गिरी बिजली की चपेट में आ गईं. वज्रपात इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गईं और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

प्रशासन ने की लोगों से ये अपील

बताया जा रहा है कि मृतका के पति साबीर आलम हरियाणा के पानीपत में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे. रेहाना खातून अपने पीछे पांच मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit