भारत-अफगानिस्तान सीरीज से इस देश को नुकसान, अब नहीं होगा टीम इंडिया का दौरा!

India vs Afghanistan Series: भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर है, जहां वो टेस्ट सीरीज खेलने की तैयारी कर रही है. ये सीरीज 15 अगस्त से शुरू होकर 27 अगस्त तक चलेगी. इस सीरीज के बाद टीम इंडिया क्या करेगी, इसका ऐलान भी अब हो चुका है. सितंबर में भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैच की एक टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसका आधिकारिक ऐलान हो गया है. जहां इस सीरीज से अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड खुश है तो वहीं इसने टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे की संभावनाओं को लगभग खत्म कर दिया है.

टीम इंडिया का बांग्लादेश दौरा अब मुश्किल

बीते कुछ दिनों की संभावनाओं और अटकलों के बाद आखिरकार भारत और अफगानिस्तान की टी20 सीरीज पर मुहर लग गई. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार 11 अगस्त को इस सीरीज के कार्यक्रम का ऐलान करते हुए सारी शंकाओं को दूर कर दिया. इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ही करेगा लेकिन तीनों टी20 मैच भारत में ही खेले जाएंगे और दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम इसका वेन्यू होगा.

मगर इस सीरीज के ऐलान ने भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे की संभावनाओं को खत्म कर दिया है, जबकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इस दौरे के लिए पूरा जोर लगा रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होकर 17 सितंबर तक चलेगी. वहीं बांग्लादेशी बोर्ड ने टीम इंडिया के दौरे के लिए 1 सितंबर से 13 सितंबर के बीच की विंडो तय की हुई थी. इस दौरे पर 3 वनडे मैच और 3 टी20 मैच खेले जाने थे. मगर अफगानिस्तान सीरीज के शेड्यूल के कारण बांग्लादेश दौरे से टकराव होता दिख रहा है.

लगातार तीसरे साल टाली जाएगी सीरीज?

बांग्लादेशी बोर्ड पिछले कुछ महीनों से लगातार टीम इंडिया के दौरे को संभव बनाने के लिए कोशिशें कर रहा है. इसके लिए बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व स्टार बल्लेबाज तमीम इकबाल ने देश की सरकार से भी संपर्क किया और कहा कि वो भारतीय सरकार और BCCI को इस दौरे के लिए मनाएं. हालांकि इस मामले में भारतीय बोर्ड ने अभी तक कोई भी बयान जारी नहीं किया है और न ही किसी तरह का नया प्रस्ताव बांग्लादेश के सामने रखा है, जिसके चलते ये दौरा लगातार तीसरे साल रद्द होता दिख रहा है. इससे पहले 2024 में और फिर 2025 में भी ये दौरा टल चुका है.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version