महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलकों में ऐसी चर्चा थी कि 16 से 18 अगस्त के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाया जाएगा. मगर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने साफ कर दिया है कि कोई विशेष सत्र नहीं बुलाया जाएगा. न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में रिजिजू ने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर कोई विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव नहीं है.
सरकार मौजूदा मानसून सत्र में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने की नए सिरे से कोशिश कर रही है. इस विधेयक का मकसद 2029 में लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करना है.
इस बीच सूत्रों ने बताया कि इसी सिलसिले में रीजीजू ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और विधेयक को फिर से पेश करने पर चर्चा की, लेकिन कांग्रेस नेता की ओर से कोई पक्का आश्वासन नहीं मिला.
