मां से पूछो पिता कौन हैं… सीएम विजय पर तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष का विवादित बयान, विपक्ष बोला- हदें पार कर दी

तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने सूबे के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को निशाना बनाते हुए एक ऐसी टिप्पणी की है जिससे राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. नागेंद्रन ने सीएम की पैदाइश पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जब लोग घर में पिता को ढूंढते हैं और वह नहीं मिलते, तो उन्हें घर पर मां से पूछना चाहिए कि पिता कौन हैं. उनका ये बयान सुर्खियों में आ गया है, वहीं नागेंद्रन विवादों में घिर गए हैं.

बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय कमलालयम में शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विजय के हालिया राजनीतिक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नैनार नागेंद्रन ने कहा ‘जब लोग सदन में पिता को खोजते हैं और उन्हें नहीं पाते, तो उन्हें घर जाकर मां से पूछना चाहिए कि पिता कौन हैं.

नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई

उनके इस बयान के बाद राजनीतिक दलों और नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई. नेताओं ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पर राजनीतिक चर्चा की सीमा पार करने और अपमानजनक व्यक्तिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया. मंत्री राजमोहन ने इसे असभ्य और अनुचित करार दिया है. उन्होंने कहा कि विजय ने भी अपने साथियों को सलाह दी थी कि उकसावे और निजी हमलों के बावजूद राजनीति में मर्यादा बनाए रखनी चाहिए. स्थानीय मीडिया के अनुसार नागेंद्रन के खिलाफ डीजीपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है.

अन्नामलाई ने जताई नाराजगी

नैनार नागेंद्रन की टिप्पणी पर बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी नाराजगी जताई. वहीं अन्नामलाई ने कहा कि यह टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा की सीमा पार करती है. उन्होंने कहा कि सरकार से सवाल करना और राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी नेता के परिवार, खासकर उसकी मां को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने ऐसी राजनीति को निम्न स्तर का बताया और कहा कि नेताओं को युवाओं और बच्चों के सामने इस तरह का उदाहरण पेश नहीं करना चाहिए.

विजय की कुट्टी कथाई पर दिया जवाब

दरअसल विजय ने अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव में डीएमके की हार के बाद विधानसभा में कुट्टी कथाई यानी एक कहानी सुनाई थी. उन्होंने डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन पर निशाना साधने के लिए इस कहानी का इस्तेमाल किया था. जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में विपक्ष के नेता के पिता के ठिकाने का जिक्र किया था. यह कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में स्टालिन की चुनावी हार की तरफ इशारा था. डीएमके सहित कई राजनीतिक दलों ने विजय की इस टिप्पणी की आलोचना की थी.

नैनार नागेंद्रन ने दी सफाई

इस बीच विवाद बढ़ने के बाद नैनार नागेंद्रन ने सफाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि उनका बयान किसी को निशाना बनाकर या किसी गलत मंशा से नहीं दिया गया था. उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं.उन्होंने कहा कि वह मां, मातृभूमि और मातृभाषा के प्रति गहरी चिंता और सम्मान रखने वाले व्यक्ति हैं.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version