लखनऊ: शराब के नशे में उजाड़ दिया अपना ही घर, पत्नी को उतारा मौत के घाट

यूपी की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के शेखनखेड़ा गांव में नशेड़ी पति ने पत्नी की हत्या कर दी. उसने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद मौके से फरार हो गया. सूचना के बाद एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी विकास पांडे ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की. वहीं थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. हत्यारोपी की धरपकड़ के लिए एडीसीपी ने सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें लगी हैं.

दरअसल मामला रविवार शाम का है, जब मजदूरी करने के बाद राजेश नाम का व्यक्ति नशा करके अपने ससुराल थाना निगोहा शेखनखेड़ा गांव पहुंचा. उसके बाद पति-पत्नी में कुछ विवाद हुआ जिसके बाद नशेड़ी राजेश ने पास में रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी के ऊपर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. इस हमले से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई. हत्या के बाद राजेश वहां से फरार हो गया.

कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या

बताया जा रहा है कि हत्यारोपी राजेश नगराम का रहने वाला है, जो नशे का आदी है (इन दोनों के 5 बच्चे हैं). नशे के कारण पत्नी से हर रोज विवाद होता था. इसके बाद रविवार को जब राजेश मजदूरी करके अपने ससुराल पहुंचा और वहां पर पत्नी से कुछ विवाद हुआ तो उसने पास रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर कई बार वार करके उसकी हत्या कर दी.

जांच के लिए दो टीमें गठित

एडीसीपी आरवी कुमार ने कहा कि थाना नगराम को सूचना मिली थी कि शेखनखेड़ा गांव में एक महिला की हत्या कर दी गई है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला (44) के हत्या की जांच शुरू की. उन्होंने कहा कि हत्यारोपी पति का नाम राजेश है. जांच में पता चला कि वह नशेड़ी है. इस मामले में तुरंत पुलिस की तरफ से दो टीमें गठित की गई हैं और आरोपी की तलाश की जा रही है.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version