
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रशासन में बड़ा बदलाव किया है. उन्होंने अपने स्टाफ सेक्रेटरी विल शार्क (Will Scharf) को नया ‘व्हाइट हाउस काउंसिल’ और ‘असिस्टेंट टू द प्रेसिडेंट’ यानी राष्ट्रपति के सहायक के रूप में नियुक्त करने का ऐलान किया है. शार्क 1 सितंबर से डेविड वॉरिंगटन की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. डेविड प्रशासन छोड़कर अब प्राइवेट सेक्टर में जाने वाले हैं.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट के जरिए विल शार्क की नियुक्ति की जानकारी शेयर की. उन्होंने कहा कि मौजूदा स्टाफ सेक्रेटरी विल शार्क 1 सितंबर से नए व्हाइट हाउस काउंसिल और असिस्टेंट टू द प्रेसिडेंट का पदभार संभालेंगे. ट्रंप ने बताया कि शार्फ डेविड वॉरिंगटन की जगह लेंगे, जिन्होंने व्हाइट हाउस काउंसिल के रूप में और उससे पहले उनके राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान बेहद उत्कृष्ट काम किया है. उन्होंने बताया कि डेविड अब प्राइवेट सेक्टर में जा रहे हैं.
ट्रंप ने की विल शार्फ की तारीफ
ट्रंप ने विल शार्फ की तारीफ करते हुए उन्हें मजबूत, सख्त और बुद्धिमानबताया. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा ‘विल शार्क दृढ़, बलवान और बुद्धिमान हैं! वे हमारे देश से प्रेम करते हैं और कानून का सम्मान करते हैं’. ट्रंप ने कहा कि विल शार्फ व्हाइट हाउस के वकील के रूप में शानदार काम करेंगे.
व्हाइट हाउस के ‘स्टाफ सेक्रेटरी’ के रूप में कार्यरत
वर्तमान में विल शार्क व्हाइट हाउस के ‘स्टाफ सेक्रेटरी’ के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले वो नेशनल कैपिटल प्लानिंग कमीशन के चेयरमैन रह चुके हैं . वो संघीय अभियोजक (Federal Prosecutor) के रूप में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने कई कानूनी मामलों में ट्रंप का प्रतिनिधित्व किया है. इनमें अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं.
हार्वर्ड लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की
विल शार्क ने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से स्नातक और हार्वर्ड लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की है. उन्होंने निजी प्रैक्टिस में एक वकील के रूप में कार्य किया है. उन्होंने दो फेडरल अपील्स कोर्ट जजों के पास क्लर्क के तौर पर काम किया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि बाइडन प्रशासन के दौरान उनके खिलाफ चले मामलों में विल शार्क ने सुप्रीम कोर्ट समेत कई अदालतों में उनका प्रतिनिधित्व किया था. ट्रंप ने विश्वास जताया कि शार्क कानून का सम्मान करते हुए व्हाइट हाउस काउंसिल के रूप में बेहतरीन काम करेंगे.
ट्रंप के बॉलरूम प्रोजेक्ट से भी जुड़ा नाम
विल शार्फ का नाम ट्रंप के व्हाइट हाउस बॉलरूम प्रोजेक्ट से भी जुड़ा है. जुलाई 2025 में ट्रंप ने उन्हें नेशनल कैपिटल प्लानिंग कमीशन का अध्यक्ष बनाया था. इसी संस्था ने व्हाइट हाउस में प्रस्तावित करीब 400 मिलियन डॉलर के बॉलरूम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी. अप्रैल में इस परियोजना को अंतिम मंजूरी मिली थी. हालांकि शुक्रवार को एक संघीय अपीली अदालत ने निर्माण रोकने का आदेश दिया। अदालत ने कहा कि परियोजना के लिए कांग्रेस की मंजूरी नहीं ली गई थी. ट्रंप ने इस फैसले को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है.
व्हाइट हाउस में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका में मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं. रिपब्लिकन पार्टी के सामने कांग्रेस में अपना नियंत्रण बनाए रखने की चुनौती है. डेमोक्रेट्स ने भी संकेत दिया है कि चुनाव में सफलता मिलने पर वो ट्रंप प्रशासन के खिलाफ कई जांच शुरू कर सकते हैं. ऐसे में व्हाइट हाउस के कानूनी सलाहकार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है.