सांप के मुंह में उंगली डालकर बना रहा था वीडियो, सांप ने एक-दो नहीं… 3 बार डसा, फिर जो हुआ

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से सोशल मीडिया का भूत सवार होने और जानलेवा स्टंटबाजी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. अछल्दा थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम रील्स और सोशल मीडिया वीडियो बनाने के चक्कर में एक युवक को जहरीले सांप से खिलवाड़ करना बेहद महंगा पड़ गया. वीडियो शूट करने के दौरान जब युवक ने सांप के मुंह में अपना अंगूठा डाला, तो गुस्साए सांप ने उसे एक के बाद एक तीन बार डस लिया. इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए.

जानकारी के मुताबिक, अछल्दा रेलवे स्टेशन और लाइन के पास स्थित एक दुकान के पास स्थानीय लोगों को एक सांप दिखाई दिया. इलाके के रहने वाले करीब 25 वर्षीय ऋषि पोरवाल ने साहस दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया. ऋषि का कहना था कि वह सांप को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ने जा रहा था. लेकिन रास्ते में ही उस पर सोशल मीडिया पर पॉपुलर होने का खुमार हावी हो गया. उसने सांप के साथ स्टंट करते हुए वीडियो बनवाना शुरू कर दिया.

मुंह में डाला अंगूठा, तो सांप ने सिखाया सबक

स्टंटबाजी के दौरान ऋषि ने बेहद बेवकूफी भरा कदम उठाते हुए सांप के मुंह के अंदर अपना अंगूठा घुसा दिया. सांप ने तुरंत अपने पैने दांतों से युवक के अंगूठे पर जोरदार वार कर दिया. दर्द से बिलबिलाए युवक ने जैसे ही अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश की, सांप ने उसे दोबारा और फिर तीसरी बार भी डस लिया. लगातार तीन बार काटे जाने के बाद युवक के होश उड़ गए और उसने घबराकर सांप को वहीं छोड़ दिया, जिसके बाद सांप झाड़ियों की तरफ रेंगता हुआ गायब हो गया.

ये भी पढ़ें: Youtube से सीखा मर्डर का तरीका, फिर लाश के 5 टुकड़े कर गोबर में गाड़ा वाराणसी में 3 युवकों ने की अपने ही दोस्त की हत्या

अस्पताल जाने के बजाय लापरवाही, डॉक्टरों ने चेताया

घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में युवक इस घटना को काफी हल्के में ले रहा था, लेकिन लोगों के समझाने पर वह सहम गया. वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अछल्दा के डॉक्टरों का कहना है कि घटना वाले दिन ऐसा कोई मरीज सीएचसी नहीं पहुंचा था.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version