सासाराम के लंदन थीम मेले में बेकाबू हुआ ‘ग्रेविटी झूला’, नीचे गिरे लोग; कई घायल

सासाराम के लंदन थीम मेले में बेकाबू हुआ ‘ग्रेविटी झूला’, नीचे गिरे लोग; कई घायल

Sasaram News: बिहार के सासाराम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पायलट बाबा धाम के पास लगे लंदन थीम मेले में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया. मेले में लगा विशाल ग्रेविटी झूला अचानक बेकाबू हो गया, जिससे उस पर सवार कई लोग नीचे गिर पड़े. घटना के बाद पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई. हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

झूला अचानक हुआ असंतुलित, नीचे गिरे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे मेले में बड़ी संख्या में लोग झूले का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान ग्रेविटी झूला अचानक असंतुलित हो गया और तेज झटकों के साथ बेकाबू हो गया. झूले पर बैठे लोग एक-एक कर नीचे गिरने लगे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.

राहत-बचाव में जुटी पुलिस, घायलों को अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सासाराम सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- प्लेटफॉर्म-ट्रेन के गैप में फंसीं 3 महिलाएं-बच्ची, 10 डिब्बे गुजर गए, बाल-बाल बची जान VIDEO दिल दहला देगा

घायलों में सीमा देवी, उषा कुमारी और धीरज कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं. 10 वर्षीय धीरज कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, लोगों में आक्रोश

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है. लोगों ने मेला प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि व्यावसायिक लाभ के चलते सुरक्षा व्यवस्था को नजरअंदाज किया गया, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने कहा है कि जांच के बाद यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit