
गैस सिलेंडर की कमी के बीच शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई है, जिसमें अकोला जिले के अन्वी मिर्झापुर गांव के पूर्व सरपंच शंकरराव शिरसाट का निधन हो गया है. सुबह करीब नौ बजे से गैस के लिए लाइन में खड़े सिरसाठ को दोपहर करीब डेढ़ बजे चक्कर आया और उनका निधन हो गया.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी पर भारी अव्यवस्था, लंबी कतारें और सही प्रबंधन की कमी के कारण यह घटना हुई. लोगों का कहना है कि अगर व्यवस्था ठीक होती तो शायद यह हादसा टल सकता था.
लापरवाही को लेकर खड़े किए सवाल
घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ नाराज़गी का माहौल भी है. आम नागरिकों की परेशानियों और लापरवाही को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. शंकरराव शिरसाट के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है. इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए वंचित बहुजन आघाड़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. प्रकाश आंबेडकर ने सरकार की योजना की कमी पर कड़ी आलोचना की है.
सरकार ने उचित योजना नहीं बनाई
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी होने की पहले से सूचना दी गई थी, इसके बावजूद सरकार ने उचित योजना नहीं बनाई. अगर समय पर कदम उठाए जाते तो शंकरराव सिरसाठ की जान बच सकती थी. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर के लिए लोगों की जान जाने की नौबत नहीं आनी चाहिए. साथ ही उन्होंने मांग की कि तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों. इस घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है और नागरिकों ने गैस सप्लाई को लेकर तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है.