जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार (11 मार्च) को जानलेवा हमले की कोशिश की गई. यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके के रॉयल पार्क में एक शादी समारोह के दौरान हुई. बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति पिस्तौल लेकर पूर्व सीएम के काफी करीब पहुंच गया और उन पर गोली चला दी. गनीमत ये रही कि इस फायरिंग में फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए. वहीं अब इस मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला का बयान सामने आया है.
मुख्यमंत्री उमर ने अपने पिता पर हुए इस जानलेवा हमले को हत्या की कोशिश बताया है. उन्होंने सवाल उठाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री को जेड+ सुरक्षा प्रदान किए जाने के बावजूद आखिरकार हमलावर उनके इतने करीब कैसे पहुंच गया.
Allah is kind. My father had a very close shave. The details are sketchy at the moment but what is known is that a man with a loaded pistol was able to get within point blank range & discharge a shot. It was only the close protection team that deflected the shot & ensured that https://t.co/hYBe64Eigl
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) March 11, 2026
‘अल्लाह मेहरबान है…’
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा ‘अल्लाह मेहरबान है. मेरे पिता बाल-बाल बच गए. फिलहाल पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन जो पता चला है वह यह है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल करीब आ गया और गोली चला दी. सुरक्षा दल ने ही गोली को रोककर हत्या के प्रयास को विफल कर दिया.फिलहाल सवालों से ज्यादा जवाब नहीं हैं, जिनमें से एक यह भी है कि कोई व्यक्ति जेड+ एनएसजी द्वारा सुरक्षित पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया’.
‘फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित’
वहीं मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया है. वानी ने कहा कि शुरुआती जांच जारी है और अभी इस घटना के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. उन्होंने यह भी बताया कि फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित हैं और फिलहाल आराम कर रहे हैं.उन्होंने कहा ‘आरोपी को फिलहाल हिरासत में ले लिया गया है. यह तो बस शुरुआत है. जांच पूरी होने पर हमें पता चलेगा कि मामला क्या था और वह क्या चाह रहा था.
पुलिस ने की आरोपी की पहचान
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कमल सिंह के रूप में हुई है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है.
सुरक्षा में चूक पर उठे सवाल
घटना के समय मौजूद जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंद ने भी पुष्टि की कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक पर सवाल उठाए. जम्मू जोन के आईजीपी भी मामले की जांच के लिए गंग्याल पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां आरोपी को हिरासत में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही हमले के पीछे की साजिश का खुलासा हो पाएगा.
