होर्मुज में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर विदेश मंत्री जयशंकर की तीखी प्रतिक्रिया के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का बड़ा बयान सामने आया है. रूबियो ने कहा है कि अमेरिकी नाकेबंदी का कोई भी उल्लंघन और होर्मुज स्ट्रेट से ईरानी तेल का अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक रूबियो ने यह बात विदेश मंत्री एस जयशंकर से कही. जयशंकर ने शुक्रवार को रूबियो से बातचीत कर ओमान तट के पास जहाजों पर हुए अमेरिकी हमलों में भारतीय नागरिकों की मौत पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था.
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि विदेश मंत्री रूबियो ने जोर दिया कि सभी वाणिज्यिक जहाजों को तुरंत अमेरिकी सेना के आदेशों का पालन करना चाहिए, क्योंकि वे होर्मुज स्ट्रेट में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.
ईरानी तेल का अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं
टॉमी पिगॉट ने एक बयान में कहा कि रूबियो ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल का अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अमेरिका ने 13 अप्रैल से होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में नौसैन्य नाकेबंदी लागू कर रखी है, जिसके तहत ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों की आवाजाही को रोका जा रहा है. यह कदम तेहरान को तेल व्यापार से होने वाली आय से वंचित करने के अमेरिकी प्रयासों का हिस्सा है.
भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों पर हमले
इस हफ्ते ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों पर हमले हुए. इनमें से एक हमले में बुधवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई. इसके बाद जयशंकर ने रूबियो को फोन कर ओमान की खाड़ी में एक वाणिज्यिक जहाज पर अमेरिकी सैन्य हमले में भारतीय नागरिकों की मौत पर भारत का कड़ा विरोध दर्ज कराया.
अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स तलब
रूबियो से बातचीत के बाद जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ इस तरह की घातक कार्रवाई किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराई जा सकती. इससे पहले, शुक्रवार को भारत ने अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया और उन्हें बताया कि ओमान के तट के निकट भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के घातक और जानलेवा हमले अस्वीकार्य हैं.
भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमले करने का आरोप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज स्ट्रेट से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाते हुए इस कथित कार्रवाई को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया. ईरान ने ट्रंप के आरोपों को सख्ती से खारिज कर दिया. भारत में ईरानी दूतावास ने कहा, होर्मुज स्ट्रेट में एक भारतीय जहाज को लेकर ईरान पर लगाया गया अमेरिकी राष्ट्रपति का आरोप पूरी तरह निराधार है.
