2027 विधानसभा चुनाव से पहले UP में RSS एक्टिव, मोहन भागवत से मिले CM योगी

2027 विधानसभा चुनाव से पहले UP में RSS एक्टिव, मोहन भागवत से मिले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मोहन भागवत से मुलाकात की. संघ के शताब्दी वर्ष के तहत अपने लखनऊ दौरे के दूसरे दिन मोहन भागवत राजधानी में रहे. बुधवार रात करीब आठ बजे आदित्यनाथ उनसे मिलने निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे थे. दोनों के बीच लगभग 40 मिनट तक बैठक हुई, लेकिन इसका एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है.

हालांकि, मोहन भागवत द्वारा लगातार हिंदू एकता पर जोर दिए जाने के मद्देनजर इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह मुख्यमंत्री के हालिया भाषणों के सुर से मेल खाता है, जिनमें उन्होंने प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान का जिक्र किया है.

बैठकों का राजनीतिक महत्व

मोहन भागवत जनवरी में 10 दिन के दौरे पर मथुरा गए थे. इसी महीने वह फिर उत्तर प्रदेश आए और अपने कार्यक्रम की शुरुआत गोरखपुर के तीन दिवसीय दौरे से की, जिसके बाद वह लखनऊ पहुंचे. आरएसएस इसे शताब्दी वर्ष के जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बता रहा है, जबकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन बैठकों का राजनीतिक महत्व भी है.

उत्तर प्रदेश में जागृत करना है हिंदुत्व की लहर

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी और मोहन भागवत की मीटिंग के दौरान 2027 के चुनाव को लेकर रोड मैप पर बातचीत हुई. कैसे हिंदुत्व की लहर को पूरे उत्तर प्रदेश में जागृत करना है, उसको लेकर चर्चा हुई. योगी अक्सर काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या राम मंदिर और कृष्ण जन्मभूमि की बात करते हैं, इसी एजेंडे को साथ में आगे लेकर चलने को लेकर भी चर्चा हुई. माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में संघ के 2 लाख कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. आम जनता तक संघ के कार्यकर्ता पहुंचेंगे. सरकार की नीति के बारे में, योजनाओं के बारे में और लाभार्थियों से संपर्क करेंगे.

सीएम योगी और मोहन भागवत के बीच बातचीत

एसआईआर को लेकर भी सीएम योगी और मोहन भागवत के बीच बातचीत हुई. मोहन भागवत चाहते हैं कि बीजेपी से जुड़े हुए आमजन किसी भी हाल में एसआईआर को लेकर पीछे ना रहें. संगठन और सरकार मिलकर काम करें. बचे हुए दिनों में एसआईआर को लेकर, अवैध बांग्लादेशों के खिलाफ जो कार्रवाई हुई उसको लेकर के भी चर्चा हुई. सीएम योगी के हिंदुत्व के एजेंडे के जरिए संघ उत्तर प्रदेश के चुनाव की सोशल इंजीनियरिंग करेगा ताकि 2027 के चुनाव में डबल इंजन की सरकार को तीसरी बार उत्तर प्रदेश में बड़ा बहुमत दिलाया जा सके.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चर्चा के दौरान मोहन भागवत ने सीएम योगी को अहम संदेश दिया है कि 2026 में यूपी में हिंदुत्व संगठनों और साधु-संतों का बड़ा सम्मेलन किया जाए. इसमें देशभर के साधु संतों और हिंदूवादी संगठनों को बुलाया जाए. इसमें संघ के पदाधिकारी और बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर के नेता शामिल हों. इसका मकसद हिंदुओं को एकता का संदेश देना है.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit