
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में दिल्ली सरकार जल्द एक पेड़ मां के नाम – दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 की शुरुआत करने जा रही है. इस अभियान का लक्ष्य दिल्लीभर में 70 लाख पौधे लगाना है. सीएम रेखा गुप्ता ने सोमवार दिल्ली सचिवालय में इसकी तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में अभियान की रूपरेखा, जन-भागीदारी, डिजिटल प्लेटफॉर्म, वृक्षारोपण लक्ष्यों और विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई.
इस अवसर पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में इसे व्यापक जन-अभियान का रूप दिया जाएगा.
अभियान का पहला चरण 22 जून को लॉन्च
सीएम रेखा गुप्ता के अनुसार अभियान का पहला चरण 22 जून को डिजिटल शुभारंभ के रूप में आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल और अभियान का आधिकारिक वीडियो लॉन्च किया जाएगा. साथ ही पूरे शहर में डिजिटल और सोशल मीडिया आधारित जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत होगी. 22 जून से 4 जुलाई तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और सामुदायिक समूहों के साथ संवाद स्थापित कर अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी ताकि अधिकतम नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें.
जन-आंदोलन की शुरुआत
अभियान का दूसरा चरण जुलाई के प्रथम सप्ताह में मेगा रिज वृक्षारोपण अभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा. पीबीजी ग्राउंड, सेंट्रल रिज, साउथ सेंट्रल रिज और नानकपुरा रिज सहित दिल्ली रिज क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर पारिस्थितिकी-पुनर्स्थापन वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा. इसी दिन लगभग 2.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे और स्वयंसेवकों को फ्लैग-ऑफ कर जन-आंदोलन की शुरुआत की जाएगी.
एक साथ पौधारोपण में भाग लेंगे 11 हजार लोग
अभियान का तीसरा और सबसे बड़ा चरण जुलाई के मध्य में जन-भागीदारी आधारित मेगा पौधारोपण कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा. रोहिणी के स्वर्ण जयंती पार्क में केंद्रीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जो दिल्ली की 51 लाइव लोकेशनों से रियल टाइम रूप से जुड़ा रहेगा. लगभग 11 हजार लोग एक साथ पौधारोपण में भाग लेंगे और सभी स्थलों से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा.
यह अभियान 70 विधानसभा क्षेत्रों और 13 जिलों तक पहुंचेगा और सेवा पर्व अवधि तक दिल्लीभर में 70 लाख पौधारोपण के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाएगा. अभियान के विभिन्न चरणों में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता प्रस्तावित है.
नागरिकों की सहभागिता को बनाया गया सरल
इस अभियान के लिए नागरिकों की सहभागिता को अत्यंत सरल बनाया गया है. कोई भी नागरिक केवल मोबाइल नंबर, नाम और पते के माध्यम से ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल पर पंजीकरण कर सकता है. इसके बाद वह निःशुल्क पौधा प्राप्त कर सकता है, पौधारोपण स्लॉट बुक कर सकता है, पौधा लगाकर उसकी जियो-टैग्ड फोटो अपलोड कर सकता है और तुरंत मुख्यमंत्री हस्ताक्षरित पर्यावरण रक्षक ई-प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकता है.
पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को पौधारोपण स्लॉट बुकिंग, जियो-टैगिंग, लाइव काउंटर, डिजिटल हरित मानचित्र, निःशुल्क पौध वितरण और ई-प्रमाणपत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इसके माध्यम से दिल्ली स्तर, जिला स्तर और विधानसभा स्तर पर पौधारोपण की वास्तविक समय में निगरानी भी की जा सकेगी.
हर उम्र के लोग बनेंगे अभियान का हिस्सा
रेखा गुप्ता ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए वृक्ष रथ संचालित किए जाएंगे, जो कॉलोनियों, आवासीय परिसरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, RWA, धार्मिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों तक निःशुल्क पौधे पहुंचाएंगे और मौके पर ही पौधारोपण के लिए मार्गदर्शन भी देंगे. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग और हर सामाजिक वर्ग को इस अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा. प्रत्येक सहभागी को पर्यावरण रक्षक के रूप में सम्मानित किया जाएगा. मुख्यमंत्री हस्ताक्षरित प्रमाणपत्र, टी-शर्ट और कैप भी उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रत्येक पौधा दिल्ली के डिजिटल हरित मानचित्र पर दर्ज होगा, जिससे नागरिक अपने योगदान को देख सकेंगे.
एक पेड़ मां के नाम
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम – दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्ली को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने का व्यापक जन-आंदोलन है. इस अभियान के माध्यम से दिल्ली के नागरिकों, आरडब्ल्यूए, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं को एक साझा पर्यावरणीय मिशन से जोड़ा जाएगा.
ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल, वृक्ष रथ, जियो-टैग्ड पौधारोपण, डिजिटल हरित मानचित्र और मुख्यमंत्री हस्ताक्षरित पर्यावरण रक्षक प्रमाणपत्र जैसी पहलें नागरिकों की भागीदारी को आसान और प्रभावी बनाएंगी. उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं और दिल्ली को देश की सबसे हरित राजधानी बनाने के इस अभियान का हिस्सा बनें.