
IPL Points Table 2026 Updated: आईपीएल 2026 में 3 मई को 2 मुकाबले खेले गए. पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद का आमना-सामना हुआ. वहीं, दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की टक्कर देखने को मिली. लेकिन डबल हेडर मैचों के बाद भी पॉइंट्स टेबल में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला. कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइंटस ने अपने-अपने मैच जीते, लेकिन उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ.
पॉइंट्स टेबल में नहीं हुआ बदलाव
पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया. ये इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की तीसरी जीत रही. उसने कुल 9 मैच खेले हैं और अब कुल 7 पॉइंट्स हो गए हैं. उसका एक मैच बारिश में भी धुला था. इन 7 पॉइंट्स के साथ वह 8वें स्थान पर बनी हुई है. दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद को 10 मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा. लेकिन वह 12 पॉइंट्स के साथ अभी भी तीसरे नंबर पर बनी हुई है. हालांकि, नेट रन रेट में उसको नुकसान का सामना करना पड़ा है.
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 4 विकेट से बाजी मारी. ये इस सीजन में गुजरात टाइटंस की 10 मैचों में छठी जीत है, लेकिन इसके बावजूद वह 5वें स्थान पर ही बनी हुई है. उसके अलावा 3 और टीमों के 12-12 पॉइंट्स हैं, लेकिन वह नेट रन रेट के चलते गुजरात टाइटंस से आगे हैं. इस मैच से पहले गुजरात टाइटंस का नेट रन रेट -0.192 था, जो अब -0.147 हो गया है. वहीं, पंजाब किंग्स को 9 मैचों में सिर्फ दूसरी हार मिली है और उसका एक मैच बारिश में रद्द हुआ है. जिसके चलते वह अभी भी 13 पॉइंट्स के साथ टॉप पर बनी हुई है. लेकिन उसका नेट रन रेट 1.043 से घटकर 0.855 पर आ गया है.
बाकी टीमों का कैसा है हाल?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 9 मैचों में 12 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर बनी हुई है, उसका नेट रन रेट 1.420 है. वहीं, राजस्थान रॉयल्स 10 मैचों में 12 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर है. इनके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के 9 मैचों में 8 पॉइंट्स हैं और वह छठे नंबर पर है. दिल्ली के भी 9 मैचों में 8 पॉइंट्स हैं और वह 7वें स्थान पर है. वहीं, मुंबई 9 मैचों में 2 जीत के साथ 9वें और लखनऊ 8 मैचों में 2 जीत के साथ 10वें नंबर पर बनी हुई है.