
Ranchi murder case: झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकीढीपा रिंग रोड पर अवैध प्रेम-प्रसंग के कारण बिहार के नवादा जिला के रहने वाले कमलेश कुमार की बर्बरता पूर्वक की गई हत्याकांड का रांची पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि कमलेश की हत्या, उसकी ही शादीशुदा प्रेमिका अंगिता देवी के द्वारा की गई. आरोपी प्रेमिका ने अपने पति शिवनाथ कुमार सिंह को क्राईम पार्टनर बनाते हुए, एक अन्य सहयोगी साहिल राजा की मदद से प्रेमी की बेरहमी हत्या की थी. दरअसल, कमलेश ने शादीशुदा प्रेमिका को बताएं बिना प्रेमी कमलेश ने दूसरी लड़की से शादी कर ली थी.
दरअसल, मृतक कमलेश कुमार का हाहे गांव की रहने वाले शिवनाथ कुमार की पत्नी अंगिता देवी के साथ पिछले डेढ़ वर्षो से अवैध प्रेम-संबंध था. इसी बीच कुछ दिन पूर्व ही प्रेमी कमलेश कुमार ने नवादा में किसी अन्य लड़की से शादी कर ली थी. इधर, प्रेमी कमलेश के द्वारा किसी दूसरी लड़की से शादी करने की जानकारी जैसे ही उसकी शादीशुदा प्रेमी अंगिता देवी को लगी वह आग बबूला हो उठी. प्रेमी की बेवफाई का बदला लेने के लिए उसने खौफनाक साजिश रचते हुए पहले अपने पति शिवनाथ कुमार सिंह को साजिश में शामिल करते हुए उसे यह जानकारी दी की कमलेश की उसपर बुरी नजर रखता और उसके साथ अनैतिक सम्बन्ध बनाता है. इसके बाद, उसमें अपने पति शिवनाथ कुमार सिंह और पति के सहयोगी साहिल राजा जो उसके साथ ही ट्रक में काम करता था.
मिलने के बहाने बुलाकर की हत्या
खौफनाक साजिश के तहत पहले शादीशुदा प्रेमिका अंगिता देवी ने प्रेमी कमलेश कुमार को धोखे से मिलने के बहाने रांची के अनगडा थाना क्षेत्र के हाहे स्थित अपने घर पर बुलाया. उसे नशा देकर बेसुध किया, इसके बाद सुनियोजित साजिश के तहत अपने पति शिवनाथ और सहयोगी साहिल राजा के साथ मिलकर बेरहमी से उसकी हत्या की. इतना ही नहीं इस दौरान आरोपियों ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए मृतक के हाथ पैर भी तोड़ दिए. मृतक कमलेश के शव को ठिकाने लगाने के लिए एक स्कूटी की मदद से उसे हाईवे पर लाया गया. इसके बाद एक हाइवा ट्रक पर शव को लोड कर रांची के ही टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकीढीपा रिंग रोड के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर फेंक दिया. आरोपियों ने घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की.
आरोपियों ने मृतक के शव को मानकीढीपा रिंग रोड के पास फेंक दिया. जिससे ऐसा प्रतीत हो कि मानो यह हत्या नहीं बल्कि हाईवे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना है. इस दौरान मृतक कमलेश के शव पर, आरोपी शिवनाथ कुमार के द्वारा हाइवा ट्रक का अगला पहिया चढ़ा दिया गया, जिससे शव क्षत-विक्षित हो गया था.
सड़क किनारे फेंका दिया था शव
इसी बीच, 3 मई को रांची के टाटीसिलवे थाना की पुलिस को यह जानकारी मिली कि एक क्षत-विक्षित शव रिंग रोड के किनारे पड़ा है. घटना संदेहास्पद प्रतीत होने के बाद मामले के खुलासे के लिए रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन में एक टीम का गठन किया गया. इस टीम का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय प्रथम कर रहे थे. टीम में टाटीसिलवे थाना और नामकुम थाना की पुलिस को शामिल किया गया था. गठित छापेमारी टीम ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं और एफएसएल की जांच रिपोर्ट के आधार पर चौंकाने वाला खुलासा किया. मृतक की पहचान बिहार के नवादा जिला के कमलेश कुमार के रूप में हुई, जो वर्तमान में रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के हाहे गांव में रहता था और एक आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करता था.
प्रेमिका समेत तीन अरेस्ट
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए कहा कि कमलेश कुमार की हत्या मामले में उसकी ही शादीशुदा प्रेमिका अंगिता देवी उसके पति शिवनाथ कुमार सिंह और सहयोगी साहिल राजा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.
इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई एक हाइड्रा ट्रक, एक स्कूटी सहित तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.