Happy Birthday Rinke Khanna: बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की छोटी बेटी रिंकी खन्ना 27 जुलाई को अपना 49वां जन्मदिन मना रही हैं. स्टार परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद रिंकी का फिल्मी करियर ज्यादा लंबा नहीं चला. उन्होंने कुछ फिल्मों में काम किया, लेकिन जल्द ही इंडस्ट्री से दूरी बना ली.
रिंकी खन्ना ने साल 1999 में फिल्म ‘प्यार में कभी-कभी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. हालांकि, उनकी पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी. इसके बाद वो कई फिल्मों में नजर आईं, लेकिन उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिली.
रिंकी को सबसे ज्यादा पहचान साल 2000 में रिलीज हुई ‘जिस देस में गंगा रहता है’ से मिली, जिसमें उन्होंने गोविंदा के अपोजिट भूमिका निभाई थी. फिल्म में दोनों की जोड़ी को ऑडियंस ने पसंद किया और रिंकी की मासूम अदाकारी की भी खूब तारीफ हुई.
इसके बाद रिंकी खन्ना ‘ये है जलवा’, ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘प्राण जाए पर शान न जाए’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं. हालांकि, वो अपनी मां डिंपल कपाड़िया या बहन ट्विंकल खन्ना की तरह बॉलीवुड में लंबी पारी नहीं खेल सकीं. उनकी आखिरी फिल्म ‘चमेली’ (2004) थी, जिसमें करीना कपूर लीड रोल में थीं.
सिर्फ करीब पांच साल के फिल्मी करियर के बाद रिंकी ने अभिनय छोड़ने का फैसला किया. साल 2003 में उन्होंने बिजनेसमैन समीर सरन से शादी कर ली. शादी के बाद वो अपने परिवार के साथ विदेश में बस गईं और फिल्मी दुनिया से पूरी तरह दूरी बना ली. अब वो अपने परिवार के साथ लंदन में रहती हैं.




