
अमेरिका में बड़ी संख्या में लोग स्थायी रूप में रहने के लिए ग्रीन कार्ड हासिल करने की फिराक में रहते हैं. इसके लिए वहां पर ढेरों जतन भी किए जाते हैं. अब एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें ग्रीन कार्ड के नाम अरबों रुपये का खेल किया गया. अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने करीब एक दर्जन लोगों पर करोड़ों डॉलर की उस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है, जिसके तहत सैकड़ों की संख्या में चीनी नागरिकों को अमेरिकी लोगों के साथ फर्जी शादियों के जरिए धोखाधड़ी से ग्रीन कार्ड दिलाने में मदद की गई.
कोर्ट में जमा कराए गए कागजात के मुताबिक, न्यूयॉर्क से चलाई जा रही इस साजिश के तहत, कानूनी तौर पर स्थायी निवासी का दर्जा पाने की चाह रखने वाले प्रवासियों के साथ फर्जी शादी करने के लिए अमेरिकी नागरिकों को 30,000 डॉलर तक दिए जाते थे. इन अधिकारियों का कहना है कि आरोपी हर ग्रीन कार्ड के लिए 1,00,000 डॉलर तक वसूल करते थे, इस तरह करीब 10 साल तक चली इस साजिश के दौरान इन दलालों ने करोड़ों डॉलर (करीब 10 अरब रुपये) कमाए.
एक हजार से अधिक नकली शादी
अधिकारियों का मानना है कि उन्हें शक है कि इस नकली शादी कराने वाले गिरोह ने 1,000 से अधिक नकली शादियों का इंतजाम किया था. इस घोटाले को अमेरिका के इतिहास में शादी से जुड़ी धोखाधड़ी के सबसे बड़े मामलों में से एक बताया जा रहा है.
अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने पत्रकारों से कहा, “ऐसा नहीं है कि यह साजिश कुछ समय के लिए या फिर किसी जल्दबाजी में रची गई. यह धंधा लंबे समय तक चला. कई सालों तक चले इस गोरखधंधे से करोड़ों डॉलर कमाए गए. इस धंधे का मकसद ऐसे लोगों की मदद करना था जो किसी और तरीके से अमेरिका के नागरिक नहीं बन सकते थे या कानूनी तौर पर नहीं बन पाते.”
असली शादी के लिए परिवार संग फोटो
ये आरोप ट्रंप प्रशासन की ओर से कानूनी और गैर-कानूनी दोनों तरह के आव्रजन (इमिग्रेशन) पर लगाई गई उन पाबंदियों के बीच लगाए गए हैं, जिनका मकसद यह तय करना था कि कौन देश में आ सकता है या अमेरिका का नागरिक बन सकता है.
अधिकारियों के मुताबिक, इस धंधे में अमेरिकी नागरिकों को शामिल करने के बाद, आरोपी फर्जी शादी कराने की व्यवस्था करते थे और कुछ मामलों में तो शादी को असली दिखाने के लिए रेस्तरां जैसी जगहों पर परिवारों की तस्वीरें भी खिंचवाते थे. इसके बाद, आरोपी प्रवासियों को कानूनी तौर पर स्थायी निवासी का दर्जा पाने की आवेदन प्रक्रिया में मदद भी करते थे.
चार्जशीट में 11 आरोपियों के नाम शामिल
ब्लैंच ने इस पर निराशा जताते हुए कहा, “देश को इन साजिशों की भारी कीमत चुकानी पड़ती है. ये हमारे देश की उस क्षमता को खत्म कर देती हैं जिससे यह पता चल सके कि किसे अमेरिका में आने की अनुमति मिलनी चाहिए और किसे नहीं.”
न्यूयॉर्क में दाखिल चार्जशीट में 11 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें फर्जी शादियां करवाने वाले लोग भी हैं. हालांकि अभी यह तुरंत साफ नहीं हो सका है कि आरोपी पक्ष की ओर से बात करने के लिए उनके पास वकील है या नहीं.