
England vs Pakistan Test: पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड में अपने टेस्ट सीरीज जीतने के इंतजार को खत्म करना चाहती है. लेकिन, इंग्लैंड ने तो हे़डिंग्ले टेस्ट के पहले ही दिन उसकी मिट्टी पलीद कर दी. हेडिंग्ले टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान की जो दुर्दशा हुई है, वो अब किसी से छिपी नहीं है. पहली पारी में 200 रन की दहलीज लांघने से पहले ही पाक टीम ऑल आउट हो गई. बड़ी बात ये है कि पाकिस्तान का बुरा हाल करने के बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने फिर गेंद के दो टुकड़े किए और अपनी कामयाबी का जश्न मनाया.
रोबिन्सन और टंग ने झटके 5-5 विकेट
इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान की टीम 171 रन पर ही ऑल आउट हो गई. पाकिस्तान को इस तरह से पस्त करने के लिए इंग्लैंड के सिर्फ 2 गेंदबाज ही काफी रहे. सिर्फ ओली रोबिन्सन और जॉश टंग ने मिलकर पाकिस्तान की टीम के सभी 10 विकेट पहली पारी में झटके. दोनों गेदबाजों ने अपना पंजा खोला. रोबिन्सन ने 18 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट लिए तो जोश टंग ने 9.1 ओवर में 46 रन देकर 5 विकेट चटकाए.
इंग्लैंड के गेंदबाजों ने क्यों किए बॉल के 2 टुकड़े?
अब आम तौर पर टेस्ट मैच में चलन ये है कि जो भी गेंदबाज इनिंग में 5 विकेट लेता है, वो गेंद को रख लेता है. लेकिन, हेडिंग्ले टेस्ट की पहली पारी में एक नहीं बल्कि दो गेंदबाजों ने 5 विकेट झटके थे. ऐसे में सवाल बड़ा था कि गेंद कौन रखेगा? इस मुश्किल सवाल का तोड़ ओली रोबिन्सन ने निकाला. उन्होंने गेंद के दो टुकड़े करने का आइडिया दिया.
ओली रोबिन्सन ने पहले दिन के खेल के बाद इस बारे में बताया. उन्होंने कहा जब वो मैदान से बाहर आ रहे थे तो उन्होंने टंग से कहा कि वो गेंद के टुकड़े कर आपस में बांट लेते हैं. रोबिन्सन ने कहा कि ऐसा कम ही होता है कि टेस्ट मैच की एक इनिंग में दो गेंदबाजों ने 5-5 विकेट लिए हों. ऐसे में अपनी कामयाबी को यादगार बनाने के लिए हमने वो कदम उठाने का फैसला किया.
View this post on Instagram
पहली पारी में पाकिस्तान से 59 रन पीछे इंग्लैंड
पाकिस्तान की पहली पारी को 171 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने हेडिंग्ले टेस्ट की पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 112 रन बना लिए थे. पहली पारी में इंग्लैंड अब भी पाकिस्तान से 59 रन पीछे है. जो रूट 37 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि जॉर्डन कॉक्स 23 रन पर नाबाद हैं.