दिल्ली में विस्फोट पर अमेरिका ने जताई चिंता, बोले- हालात पर करीब से नजर

दिल्ली में विस्फोट पर अमेरिका ने जताई चिंता, बोले- हालात पर करीब से नजर

नई दिल्ली में लाल किले के पास हुए घातक विस्फोट की घटना के बाद अमेरिका ने सोमवार को कहा कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और दूतावास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है. इस विस्फोट में कम से कम आठ लोग मारे गए हैं और 20 अन्य घायल हो गए हैं. विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि हमें दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट की जानकारी है. हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और दूतावास संबंधी सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं.

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रैफिक सिग्नल पर धीमी गति से चल रही कार में उच्च तीव्रता का विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और कई वाहन जलकर खाक हो गए.

दिल्ली ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धीमी गति से गुजर रही एक कार में सोमवार शाम जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाके में व्यस्त समय में हुए विस्फोट के कारण आसपास मौजूद कई वाहन जलकर खाक हो गए, जबकि कई गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए. उन्होंने बताया कि विस्फोट में घायल लोगों को लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया.

सभी एंगल से हो रही जांच

पुलिस ने बताया कि जिस कार में विस्फोट हुआ, उसमें तीन लोग सवार थे और इस बात की जांच की जा रही है कि क्या यह आत्मघाती हमला था. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, विस्फोट एक चलती हुंडई आई20 कार में हुआ, जिसमें तीन लोग सवार थे. हमें घायलों के शरीर में कोई छर्रा या पंचर नहीं मिला है, जो बम विस्फोट में असामान्य है. हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं.

तेज धमाके से दहली दिल्ली

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि कई मिनट तक उन्हें कुछ भी साफ सुनाई नहीं दे रहा था. उन्होंने बताया कि तेज धमाके की आवाज आईटीओ तक, लगभग दो किलोमीटर तक, एक बड़े इलाके में सुनाई दी. इससे कई मीटर दूर खड़ी गाड़ियों के शीशे और लाल किला मेट्रो स्टेशन के शीशे टूट गए. अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने देर शाम कार मालिक मोहम्मद सलमान को हिरासत में लिया और उससे वाहन के बारे में पूछताछ की. उन्होंने बताया कि उसने डेढ़ साल पहले ओखला में देवेंद्र नामक एक व्यक्ति को यह वाहन बेच दिया था.

पुलवामा से मिला कनेक्शन

अधिकारी ने बताया कि बाद में वाहन को अंबाला में किसी को बेच दिया गया और फिर इसे पुलवामा में तारिक नामक व्यक्ति को बेच दिया गया. पुलिस उन लोगों का पता लगा रही है.दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, साथ ही वाहनों की जांच भी तेज़ कर दी गई है. विस्फोट के बाद जलती कारों से आग की लपटें उठने से इलाके में दहशत फैल गई.

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)

RSS
Follow by Email
Pinterest
LinkedIn
Share
Telegram
WhatsApp
Reddit