प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कथित पैसों के लेन-देन के मामले में 5 जगहों पर छापेमारी की है. एजेंसी का कहना है कि यह जांच कथित गलत वित्तीय लेन-देन, पैसे जुटाने और बैंक खातों के जरिए रकम इधर-उधर भेजने के मामले में की गई. जांच के दायरे में केयरवेल ग्रुप की कंपनियां हैं, जो एविएशन सेक्टर में काम करती हैं. ईडी के मुताबिक, अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) के खातों से करीब 160 करोड़ रुपये केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी एक दूसरी कंपनी को भेजे गए.
एजेंसी का दावा है कि इसके बाद केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 2023 से 2026 के बीच करीब 82.96 करोड़ रुपये अपनी ही एक नई कंपनी को भेज दिए. छापेमारी के दौरान ईडी को पता चला कि इस रकम का बड़ा हिस्सा एक कंपनी के जरिए एम्ब्रेयर लेगेसी 600 विमान और अगस्ता 109 एसपी हेलीकॉप्टर खरीदने में लगाया गया. ईडी के मुताबिक, इन दोनों की खरीद पर करीब 112 करोड़ रुपये खर्च किए गए. जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि हेलीकॉप्टर खरीदने में कुछ विदेशी फंड का भी इस्तेमाल हुआ, लेकिन ज्यादातर पैसा सीधे AITC के खातों से आया था.
लीज पर वापस दे दिया गया था विमान
ईडी ने आगे आरोप लगाया कि खरीद के बाद एम्ब्रेयर लेगेसी 600 विमान और अगस्ता हेलीकॉप्टर को तृणमूल कांग्रेस को ही लीज पर वापस दे दिया गया था. एजेंसी के मुताबिक, पार्टी के खातों से कथित तौर पर प्राप्त धन का इस्तेमाल करके खरीदे जाने के बावजूद विमानों को बाद में पार्टी को किराए पर दे दिया गया, जिसके बाद विमान के उपयोग के बहाने भारी भुगतान किए गए. एजेंसी ने कहा कि पूरी व्यवस्था बेहद संदिग्ध प्रतीत होती है और संभवतः लेन-देन के वास्तविक लाभकारी उद्देश्य को छिपाने के लिए बनाई गई थी.
चल रही है आगे की जांच
जांचकर्ताओं का मानना है कि फंड्स का फ्लो, संबंधित संस्थाओं का निर्माण और पट्टे की व्यवस्था धन के प्रवाह और उपयोग को छुपाने के संभावित प्रयास की ओर इशारा करती है. हालांकि इस मामले में अभी तलाशी अभियान जारी है और ईडी ने कहा है कि धन के पूरे लेन-देन का पता लगाने और इसमें शामिल सभी व्यक्तियों और संस्थाओं की भूमिका निर्धारित करने के लिए आगे की जांच चल रही है. वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने अभी तक ईडी के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली को मिलीं 300 नई इलेक्ट्रिक बसें, अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी, नरेला में बनेगी हाई सिक्योरिटी जेल
