CBSE वेबसाइट में तकनीकी दिक्कतों पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सख्त, छात्रों की शिकायतों पर रिपोर्ट तलब

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) प्रक्रिया में सामने आई तकनीकी दिक्कतों को लेकर केंद्र सरकार ने सख्ती दिखाई है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और अभिभावकों की शिकायतों को संज्ञान लेते हुए सीबीएसई से रिपोर्ट तलब की है. छात्रों ने पेमेंट फेल होने, पोर्टल ठप होने और उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी में परेशानियों की शिकायत की थी.

दरअसल बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद बड़ी संख्या में छात्र री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका सत्यापन के लिए आवेदन कर रहे हैं. इसी दौरान छात्रों को कई तकनीकी समस्याएं आईं. इसकी वजह से छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है.

री-इवैल्यूएशन में तकनीकी गड़बड़ी?

सूत्रों के मुताबिक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई से पूछा है कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान सर्वर क्यों डाउन हुआ और पेमेंट गेटवे में परेशानियां कैसे आईं. छात्रों का आरोप है कि आवेदन करते समय बार-बार वेबसाइट बंद हो रही थी. कई लोगों के पैसे कट गए लेकिन आवेदन पूरा नहीं हो पाया. कुछ छात्रों ने इस बात की भी शिकायत की कि उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी धुंधली थी या पन्ने गायब थे. अब शिक्षा मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों से रिपोर्ट मांगा है.

सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों को दिया भरोसा

वहीं इससे पहले सीबीएसई ने बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि बोर्ड छात्रों के हितों की पूरी सुरक्षा करेगा. बोर्ड के मुताबिक इस साल ऑन-स्क्रीन मार्किंग यानी ओएसएम सिस्टम के तहत 98.6 लाख से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं का इवैल्यूएशन किया गया. इसके बाद छात्रों को स्कैन कॉपी लेने, सत्यापन कराने और री-इवैल्यूएशन का मौका दिया गया.

बोर्ड ने कहा कि कि कम समय में भारी आवेदन होने से पोर्टल पर दबाव बढ़ गया था. इसकी वजह से कुछ समय के लिए तकनीकी परेशानियां सामने आईं. हालांकि बोर्ड का कहना है कि सभी शिकायतों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुधार के कदम उठाए जा रहे हैं. सीबीएसई ने कहा कि छात्रों और अभिभावकों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से की जा रही है.

आवेदन की तारीख बढ़ाई गई

सीबीएसई ने बताया कि तकनीकी परेशानियों को देखते हुए री-इवैल्यूएशन और सत्यापन के आवेदन की अंतिम तारीख एक दिन बढ़ाकर 24 मई (आज) कर दी गई है. इसके अलावा जिन छात्रों को अभी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी नहीं मिली है, उनके लिए पोर्टल आखिरी कॉपी भेजे जाने के बाद भी दो दिन तक खुला रहेगा. बोर्ड ने कहा कि इसका मकसद किसी भी छात्र को नुकसान से बचाना है.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version