गूगल ने गुरुवार 13 अगस्त को भारत में अपनी नई स्मार्टवॉच पिक्सल वॉच 5 लॉन्च कर दी है. नई स्मार्टवॉच में 3,000 निट्स की ब्राइटनेस वाला डिस्प्ले और क्वालकॉम स्नैपड्रैगन डब्ल्यू5 जेन 2 एक्सेलेरेटेड प्रोसेसर दिया गया है. इसमें ड्यूल-चिप आर्किटेक्चर और जेमिनी का बेहतर इंटीग्रेशन मिलता है. हेल्थ ट्रैकिंग के लिए कंपनी ने हेल्थ गार्जियन और ब्रीदिंग इमरजेंसी डिटेक्शन जैसे नए फीचर जोड़े हैं. 45 मिमी मॉडल को एक बार चार्ज करने पर 40 घंटे तक चलने का दावा है.
कीमत, कलर और बिक्री
गूगल पिक्सल वॉच 5 के 41 मिमी मॉडल की कीमत 42,999 रुपये है, जो 130 से 210 मिमी कलाई के लिए बनाया गया है. इसका पॉलिश्ड सिल्वर एल्युमिनियम केस फॉग एक्टिव बैंड और शैंपेन गोल्ड एल्युमिनियम केस कैन्यन एक्टिव बैंड के साथ आता है. 45 मिमी मॉडल की कीमत 45,999 रुपये है और यह 150 से 215 मिमी कलाई के लिए है. इसमें सैटिन पाइराइट एल्युमिनियम केस के साथ ऑलिव एक्टिव बैंड और मैट ब्लैक एल्युमिनियम केस के साथ ऑब्सीडियन एक्टिव बैंड का विकल्प है. पिक्सल वॉच 5 के लिए फिलहाल प्री-ऑर्डर शुरू है और बिक्री 20 अगस्त से होगी. ग्लोबल मार्केट में 45 मिमी का स्टीफन करी स्पेशल एडिशन भी पेश किया गया है, जिसकी कीमत 579 डॉलर यानी करीब 55,000 रुपये है.
Google Pixel Watch 5
3,000 निट्स डिस्प्ले और ड्यूल-चिप प्रोसेसर
पिक्सल वॉच 5 में गोल डिजाइन के साथ डोम्ड एक्टुआ 360 एमोलेड एलटीपीओ डिस्प्ले दिया गया है. इसमें 3,000 निट्स तक पीक ब्राइटनेस, 320 पीपीआई पिक्सल डेंसिटी और 60 हर्ट्ज तक अडैप्टिव रिफ्रेश रेट मिलता है. इसमें ऑलवेज-ऑन डिस्प्ले का सपोर्ट भी है और स्क्रीन को स्क्रैच से बचाने के लिए कस्टम कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास दिया गया है. घड़ी में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन डब्ल्यू5 जेन 2 एक्सेलेरेटेड प्लेटफॉर्म के साथ कॉर्टेक्स-एम55 को-प्रोसेसर दिया गया है. गूगल के अनुसार ड्यूल-चिप आर्किटेक्चर से पिछली पिक्सल वॉच 4 के मुकाबले 20 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन, 50 प्रतिशत ज्यादा रैम और 12 प्रतिशत सीपीयू बूस्ट मिलता है. इसमें 64 जीबी ईएमएमसी स्टोरेज है.
जेमिनी और हेल्थ गार्जियन से हेल्थ ट्रैकिंग
पिक्सल वॉच 5 में जेमिनी का बेहतर इंटीग्रेशन दिया गया है. यूजर कलाई उठाकर जेमिनी से बात कर सकते हैं, जबकि गूगल की जीमेल और कैलेंडर जैसी सेवाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी के लिए प्रोएक्टिव सुझाव भी मिलते हैं. हेल्थ ट्रैकिंग में ईसीजी के साथ एएफआईबी डिटेक्शन, हाई और लो हार्ट रेट अलर्ट, आराम की स्थिति में हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन यानी एसपीओ2, एचआरवी, सांस लेने की दर, स्किन के तापमान में बदलाव और रियल-टाइम स्ट्रेस ट्रैकिंग मिलती है. स्लीप ट्रैकिंग में सांस लेने की नियमितता और पर्सनलाइज्ड स्लीप स्कोर शामिल हैं. नया हेल्थ गार्जियन ब्लड प्रेशर ट्रेंड, नींद के दौरान सांस की क्वालिटी और इंसुलिन रेजिस्टेंस ट्रेंड की मासिक जानकारी देता है.
Google Pixel Watch 5
ब्रीदिंग इमरजेंसी डिटेक्शन और 40 घंटे की बैटरी
पिक्सल वॉच 5 में ब्रीदिंग इमरजेंसी डिटेक्शन फीचर भी दिया गया है, जिसे गूगल स्मार्टवॉच के लिए इंडस्ट्री-फर्स्ट फीचर बताता है. यह पीपीजी, एक्सेलेरोमीटर और बैरोमीटर सेंसर के साथ डिवाइस पर मौजूद एआई की मदद से ऑक्सीजन स्तर में गंभीर और लगातार गिरावट को मॉनिटर करता है. स्मार्टवॉच 50 से ज्यादा गतिविधियों को सपोर्ट करती है और रियल-टाइम ऑडियो व विजुअल गाइडेंस, साप्ताहिक कार्डियो गोल और डेली रेडीनेस स्कोर देती है. इसमें अपग्रेडेड ड्यूल-फ्रीक्वेंसी जीपीएस है, जो पिछली जनरेशन के मुकाबले दो गुना तक बेहतर रूट ट्रैकिंग सटीकता देने का दावा करता है. 41 मिमी मॉडल 30 घंटे तक और 45 मिमी मॉडल 40 घंटे तक बैटरी दे सकता है. 15 मिनट की चार्जिंग से 15 घंटे तक बैटरी मिलने का दावा है. इसमें आईपी68 रेटिंग भी है.
ये भी पढ़ें: कीमत 1.86 लाख! भारत आया Google का सबसे महंगा फोल्डेबल फोन Pixel 11 Pro Fold, फीचर्स देखकर हैरान रह जाएंगे
