ENG vs NZ: टीम में 2 साल बाद मिला मौका, 7 विकेट लेकर जीत भी दिलाई, अब चोट के कारण हुआ बाहर

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करने के बाद से ही इंग्लैंड क्रिकेट टीम परेशानियों से जूझ रही है. कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन के नाइटक्लब विवाद में फंसने के कारण टीम आलोचना झेल रही है और ये दोनों ही स्टार अगले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं. अगर ये काफी नहीं था तो दूसरे टेस्ट मैच से ठीक पहले तेज गेंदबाज ऑली रॉबिनसन भी चोटिल हो गए हैं और ओवल टेस्ट से बाहर हो गए हैं. रॉबिनसन ने लॉर्ड्स टेस्ट में 7 विकेट लेकर जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी.

दो साल बाद मिला मौका, अब हुए बाहर

पहला टेस्ट मैच खत्म होने के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ी ब्रेक पर थे और अब उन्होंने जैसे ही अपना अभ्यास शुरू किया तो टीम को एक बुरी खबर मिली. ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, लंदन में प्रैक्टिस के दौरान दाएं हाथ के तेज गेंदबाज रॉबिनसन को घुटने में दर्द उठा, जिसके चलते वो प्रैक्टिस से अलग हो गए. जानकारी के मुताबिक इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड अब उनके घुटने का स्कैन करवाएगा, जिससे ये पता चलेगा कि ये चोट कितनी गंभीर है. हालांकि इंग्लैंड को उम्मीद है कि वो तीसरे टेस्ट में खेल सकेंगे.

इस परेशानी के कारण रॉबिनसन ओवल में 17 जून से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं और अब उनकी जगह इंग्लैंड को प्लेइंग-11 के लिए विकल्प तलाशना होगा. रॉबिनसन ने लॉर्ड्स टेस्ट मैच के साथ ही इंग्लैंड की टीम में वापसी की थी. उन्हें 2 साल बाद टेस्ट टीम में मौका मिला था और उन्होंने इस वापसी को भुनाते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में 5 विकेट झटकते हुए टीम को बढ़त दिलाई थी. रॉबिनसन ने दूसरी पारी में भी 2 विकेट लिए थे और इंग्लैंड की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई थी.

रॉबिनसन की जगह किसे मिलेगा मौका?

अब सवाल ये है कि रॉबिनसन की जगह कौन लेगा? एटकिंसन और स्टोक्स पहले ही बाहर हो चुके हैं, जिसने इंग्लैंड के अटैक को कमजोर कर दिया है. अब रॉबिनसन की गैरहाजिरी भी परेशानी बढ़ा रही है. इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट मैच के लिए युवा गेंदबाज हेनरी क्रोकोम्ब को पहली बार टीम में बुलाया गया. उन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है. ऐसे में उनका डेब्यू होने की संभावना है. वहीं मौजूदा हालात में डरहम के तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स को भी फिर से इंग्लैंड की टीम से बुलावा आ सकता है, जिन्होंने 14 जून को ही काउंटी चैंपियनशिप में एक पारी में 8 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई थी.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version