
Guru Randhawa on Trolling: गुरु रंधावा का नया गाना ‘फाइन शिट’ रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है. गाने को लेकर लोगों की मिले-जुले रिएक्शनंस देखने को मिल रही है. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे ‘क्रिंज’ तक कह दिया, तो कुछ लोगों ने गुरु पर महिलाओं और कॉरपोरेट जगहों को लेकर गलत सोच को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच अब गुरु रंधावा ने भी इस पूरे मामले पर अपना रिएक्शन दिया है. सिंगर का कहना है कि उन्हें इस तरह की नेगेटिविटी से कोई फर्क नहीं पड़ता.
गुरु रंधावा का ‘फाइन शिट’ इन दिनों सुर्खियों में छाया हुआ है और इसकी वजह है लगातार हो रही ट्रोलिंग. ऑडियंस को उनका ये नया गाना पसंद नहीं आया और सोशल मीडिया पर सिंगर की जमकर क्लास लगाई. इस गाने के चलते मिल रही ट्रोलिंग पर गुरु रंघावा ने चुप्पी तोड़ी है और ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है.
गुरु रंघावा ने तोड़ी चुप्पी
12 अगस्त, बुधवार को गुरु रंधावा ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए लिखा, “अपने दम पर आगे बढ़ने का जुनून और अपने तरीके से चलने का जज्बा रखता हूं. उन सभी से कहो कि मेरे खिलाफ कोई नई स्ट्रैटजी बनाओ, क्योंकि ये वाली काम नहीं आई. मैं अपनी ही राह पर हूं. एक तरफ मैं और दूसरी तरफ सब. बिल्कुल खास और सबसे अलग. 2025 मेरा था, 2026 भी मेरा है और आने वाले बाकी साल भी मेरे ही हैं. सबसे बेहतरीन.” पोस्ट शेयर करने के कुछ ही समय बाद गुरु ने इसके कमेंट्स बंद कर दिए.
View this post on Instagram
पहले भी ट्रोलिंग पर दे चुके हैं जवाब
गुरु रंधावा ने इससे पहले भी अपने नए गाने को लेकर चल रही कॉन्ट्रोवर्सी पर रिएक्ट किया था. उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा था, “हां, मैं ऐसे गाने बनाने का दोषी हूं जो हमेशा आपके दिमाग में घूमते रहते हैं. मुझे इसके बनाए जा रहे एडिट्स भी अंदर ही अंदर काफी पसंद आ रहे हैं. कोई बुरी भावना नहीं है. ये बस एक छोटा सा मजेदार स्लैंग है, शांत हो जाओ.”
टोनी कक्कड़ ने भी गुरु रंधावा की ली चुटकी
इस पूरे मामले में सिंगर टोनी कक्कड़ भी शामिल हो गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो शेयर किया, जिसमें वो गुरु रंधावा से फोन पर बात करने की एक्टिंग करते नजर आए. वीडियो में टोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “हां गुरु भाई! ये क्या कर दिया यार? तुमने सब कुछ खुद ही कर दिया और मुझे बताया तक नहीं. वैसे क्या मैं तुम्हारा फोन उठाता? नहीं-नहीं, मैं किसी का फोन नहीं उठाता, लेकिन तुम्हारा फोन जरूर उठा लेता.”
गाने की शुरुआत में डिस्क्लेमर
‘फाइन शिट’ के म्यूजिक वीडियो की शुरुआत में एक डिस्क्लेमर भी दिया गया है. इसमें बताया गया है कि वीडियो में नजर आने वाले सभी लोग 18 साल से ज्यादा उम्र के हैं और वीडियो की कहानी पूरी तरह काल्पनिक है. वीडियो में एक मजेदार चेतावनी भी दी गई है, जिसमें लोगों से कहा गया है कि वो ऑफिस में गाने के डांस स्टेप्स करने की कोशिश न करें, वरना उन्हें अपने एचआर डिपार्टमेंट से परेशानी हो सकती है.
इस गाने को गुरु रंधावा और यश्वी देसाई ने गाया है. इसके बोल गुरु रंधावा और गुरजीत गिल ने लिखे हैं. म्यूजिक वीडियो में गुरु के साथ रूही दोसानी, डिविनिटी बिष्ट, अर्शिया सिन्हा, राएमा ग्रोवर, डार्लीन लॉरा और मेहर कौर भी नजर आ रही हैं.