भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच बिना किसी नतीजे के खत्म हो गया. डरहम काउंटी के चेस्टर-ले-स्ट्रीट में बुधवार 1 जुलाई को खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग की और 189 रन बनाए. मगर जब इंग्लैंड को ये लक्ष्य हासिल करने के लिए उतरना था, उससे पहले ही बारिश ने अपनी टांग अड़ा दी और रुकने का नाम ही नहीं लिया. इसके चलते ये मैच रद्द करना पड़ा और इस तरह चेस्टर-ले-स्ट्रीट में भारत-इंग्लैंड मैच की वही पुराना सिलसिला बरकरार रहा.
लगातार तीसरी बार इस मैदान पर मैच रद्द
बुधवार 1 जुलाई से 5 टी20 मैच की सीरीज आगाज हुआ और पहला ही मैच उस रिवरसाइड ग्राउंड पर था, जहां भारत-इंग्लैंड मैच का इतिहास अच्छा नहीं रहा है. भारतीय टीम यहां टी20 इंटरनेशनल तो पहली बार खेल रही थी लेकिन उससे पहले 2 वनडे मैच में इस मैदान का अनुभव ले चुकी थी. ये दोनों ही मुकाबले 2002 और 2011 में खेले गए थे और दोनों ही बारिश के कारण रद्द हो गए थे. संयोग से उन दोनों मैच में भारतीय टीम ने पहले बैटिंग की थी और इंग्लैंड की पारी के दौरान बारिश के कारण मैच रद्द हो गया.
बुधवार को हुए टी20 मैच पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा था और यही डर सता रहा था कि कहीं तीसरी बार भी निराशा ही हाथ न लगे. यही आखिर हुआ. टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया और पहले ओवर से ही बारिश की बूंदें नजर आने लगी थी. पूरी पारी के दौरान 2-3 मौकों पर हल्के छींटे पड़ते हुए साफ नजर आ रहे थे लेकिन एक बार भी मैच को रोकने की नौबत नहीं आई. मगर 20वें ओवर में बारिश थोड़ी तेज होने लगी और जैसे ही भारतीय टीम की बैटिंग खत्म हुई और खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में पहुंचे, ये बूंदाबांदी तेज बौछार में बदल गई, जो फिर रुकी ही नहीं. आखिरकार अंपायरों को मैच रद्द करने का फैसला करना पड़ा.
कैसी रही भारतीय टीम की बैटिंग?
मैच की बात करें तो इस बार भी टीम इंडिया ने वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका नहीं दिया. वहीं ओपनिंग कर रहे संजू सैमसन (1) इस दौरे पर लगातार तीसरे मैच में फेल हो गए, जबकि ईशान किशन (0) लगातार दूसरे मैच में रन आउट हो गए. दूसरे ओवर में ही 2 विकेट गंवाने के बाद अभिषेक शर्मा ने भारतीय पारी को संभाला और सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया. वहीं श्रेयस अय्यर ने भी आयरलैंड की नाकामी के बाद बतौर कप्तान अपना पहला अर्धशतक जमाया. अय्यर (68 रन, 47 गेंद) ने पहले अभिषेक (59 रन, 24 गेंद) और फिर शिवम दुबे के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. वहीं दुबे (21 गेंद में 42 रन) ने अंत में ताबड़तोड़ बैटिंग की और 189 रन तक पहुंचाया. इंग्लैंड के लिए साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.
