
IPL Points Table 2026 Updated, After Rajasthan Royals vs Chennai Super Kings Match: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच शुरू हो चुका है और तेजी से 3 मैच भी पूरे हो चुके हैं. इन 3 मुकाबलों में विराट कोहली, रोहित शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे अनुभवी और युवा सितारों ने अपनी छाप छोड़कर फैंस को खूब एंटरटेन किया. इन तीनों सितारों के फैंस की ख्वाहिश थी कि पहले ही मैच से ये अपना जलवा दिखाएं और तीनों ने ऐसा किया भी. मगर इन्होंने सिर्फ रन ही नहीं बनाए बल्कि उनकी पारियों ने टीम को जीत भी दिलाई. इसमें सबसे खास वैभव सूर्यवंशी रहे, जिनकी विस्फोटक पारी ने राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाने के साथ ही पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर भी पहुंचा दिया.
सीजन के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस की जीत के बाद तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने भी बड़ी जीत हासिल की. गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने नांद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा के दम पर चेन्नई को सिर्फ 127 रन पर ढेर कर दिया. इसके बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया, जिसके दम पर राजस्थान ने सिर्फ 12.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया और जीत के साथ सीजन का आगाज किया.
इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने 2 पॉइंट्स हासिल करते हुए अपना खाता खोला. मगर उसके ये 2 पॉइंट्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बराबर ही हैं, जिन्होंने अपने पहले मैच जीते थे. इसके बावजूद ये जीत इसलिए खास थी क्योंकि राजस्थान ने तेजी से लक्ष्य हासिल करते हुए नेट रनरेट (NRR) की रेस में पहले ही बहुत बड़ी बढ़त ले ली. इस जीत से राजस्थान का NRR सीधे 4.171 हो गया और टीम ने RCB को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया. बेंगलुरु अब 2.907 के NRR के साथ दूसरे और मुंबई (0.687) के साथ तीसरे स्थान पर है.
जितना बड़ा फायदा राजस्थान को हुआ, उतना ही बड़ा नुकसान चेन्नई को भी हुआ. CSK ने सिर्फ मैच ही नहीं गंवाया बल्कि NRR के मामले में भी बुरी चोट खाई. चेन्नई का नेट रनरेट सीधे (-)4.171 हो गया, जिसे पलटने में उसे पूरा सीजन तक लग सकता है. टीम फिलहाल छठे स्थान पर है लेकिन एक बार अन्य 4 टीमें भी अपने-अपने मैच खेल लेंगी तो इसकी संभावना है कि चेन्नई सीधे सबसे आखिरी स्थान पर जाकर गिरेगी. अब नजरें मंगलवार 31 मार्च के मुकाबले पर हैं, जब मु्ल्लांपुर में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस की टक्कर होगी.