Lock Upp 2: नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ का लेटेस्ट एपिसोड बेहद भावुक और आंखें नम कर देने वाला साबित हुआ. एक टास्क के दौरान टीवी की मशहूर ‘अंगूरी भाभी’ यानी शिल्पा शिंदे ने शो के अंदर अपना एक ऐसा सीक्रेट खोला, जिसे सुनकर जेल के अंदर मौजूद हर एक कंटेस्टेंट की आंखें नम हो गईं. हमेशा चेहरे पर मुस्कान रखने वाली शिल्पा शिंदे ने अपने ही परिवार के साथ हुए उस कड़वे सच को दुनिया के सामने रखा, जिसने उनकी पूरी जिंदगी हमेशा के लिए बदलकर रख दी. शिल्पा शिंदे ने दर्दभरे लहजे में कहा कि लोग अक्सर परिवार की अहमियत की बातें करते हैं, लेकिन उनकी सच्चाई बिल्कुल उलट है.
अपने साथ हुए अपनी फैमिली के बर्ताव का खुलासा करते हुए शिल्पा ने बताया कि जब उनके कंधे की सर्जरी हुई थी, तब रिकवरी के महज 5वें दिन ही उन्हें उनके अपने घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. शिल्पा के मुताबिक, उनके भाई और भाभी द्वारा बनाए गए हालातों और दबाव के चलते उनकी मां भी उनके खिलाफ हो गईं. उस खौफनाक रात को याद करते हुए शिल्पा ने बताया कि वो रात के करीब 11 बजे अपने ही घर से बाहर निकल गईं और सबसे ज्यादा दर्द इस बात का हुआ कि उनकी सगी मां ने भी उन्हें रोकने की कोशिश तक नहीं की.
होटल और शेल्टर होम बनी नई दुनिया
शिल्पा शिंदे ने बताया कि अब वो मुंबई में बहुत कम समय बिताती हैं और ज्यादातर वक्त एक शेल्टर होम में ही रहती हैं, जो अब उनका मुख्य ठिकाना बन चुका है. जब भी वो किसी काम से मुंबई आती हैं, तो अपने घर जाने के बजाय होटलों में रुकती हैं और दूसरों से इसका कारण छिपाने के लिए अलग-अलग बहाने बनाती हैं. शिल्पा ने कहा कि वो सालों तक अपने परिवार की ‘डोरमैट’ बनी रहीं. उन्होंने शो में ये खुलासा भी किया कि वो अपनी वसीयत तक लिख चुकी हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि भविष्य में वो अपने परिवार के साथ कोई भी रिश्ता नहीं रखना चाहतीं.
‘लॉकअप 2’ में आने की असली वजह
शिल्पा ने बताया कि उनके इस शो में आने के पीछे एक बड़ा सपना छिपा है. वो जीते हुए पैसों से एक ऐसा बड़ा शेल्टर होम बनाना चाहती हैं, जहां उन बेसहारा लोगों को छत मिल सके जिनके पास जाने के लिए कोई जगह नहीं बची. अंदर से पूरी तरह टूटने के बावजूद शिल्पा ने माना कि वो आज भी अपनी मां से मिलना चाहती हैं, लेकिन मजबूरियों ने उन्हें दूर कर रखा है. शिल्पा की ये आपबीती सुनकर सभी सन्न रह गए.
