PM मोदी G7 समिट के लिए पहुंचे फ्रांस, मैक्रों से भी होगी मुलाकात, जोरदार स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस पहुंचे, जहां वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करेंगे और जी-7 शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे. वह द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से नवाचार पर केंद्रित प्रमुख कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी पांच दिन की यात्रा के पहले चरण में नीस पहुंचे.

नीस कोटे दा अजूर एयरपोर्ट पर फ्रांस के शिक्षा मंत्री एडुआर्ड गेफ्रे, उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री फिलिप बैप्टिस्ट, भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू, नीस के महापौर एरिक सिओटी और अन्य व्यक्तियों ने पीएम मोदी का स्वागत किया.

‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, नीस पहुंच गया हूं. फ्रांस की इस यात्रा में नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम होंगे. इसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी, जिनका मकसद विकास के अहम साझेदारों के साथ भारत की दोस्ती को और मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि मैं फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.

पीएम मोदी आज मैक्रों के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक

अपनी यात्रा के पहले चरण में, पीएम मोदी आज मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और उनके ‘भारत इनोवेट्स’ का उद्घाटन भी करेंगे. इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के टॉप इनोवेशन स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे. दोनों नेता भारत-फ्रांस के द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिन्हें इस साल की शुरुआत में ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया गया था.

भारत-फ्रांस सहयोग को और मजबूत करने का मौका

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस दौरे से अहम क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को और मजबूत करने का मौका मिलेगा. पीएम मोदी का भारतीय समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. वे बड़ी संख्या में तिरंगा लहराते हुए और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए वहां इकट्ठा हुए.

नीस में भारतीय समुदाय ने किया यादगार स्वागत

पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा, नीस में भारतीय समुदाय की ओर से यादगार स्वागत. भले ही वे घर से कई किलोमीटर दूर हों, लेकिन भारत के साथ हमारे प्रवासी समुदाय का रिश्ता पहले की तरह ही मजबूत बना हुआ है. पीएम मोदी के आगमन के सम्मान में नीस के मेयर कार्यालय सिटी हॉल में तिरंगा फहराया गया, जो किसी विदेशी नेता के लिए एक दुर्लभ सम्मानजनक कदम माना जाता है. फ्रांस के दौरे के बाद पीएम मोदी 14-15 जून को राजकीय यात्रा पर स्लोवाकिया जाएंगे.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version