
Tom Holland confirm Marriage with Zendaya: हॉलीवुड के सबसे चर्चित और पसंदीदा कपल्स में से एक ‘स्पाइडर-मैन’ फेम टॉम हॉलैंड और जेंडाया की शादी अब कन्फर्म हो गई है. पिछले कई महीनों से दोनों की शादी को लेकर चल रही खबरों पर आखिरकार टॉम हॉलैंड ने खुद ही विराम लगा दिया है. टॉम ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बेहद अनूठे अंदाज में इस बात की पुष्टि की है कि वो और जेंडाया अब शादीशुदा (मैरिड) हैं. ये खुलासा तब हुआ जब टॉम सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपनी नकली AI वेडिंग तस्वीरों पर बात कर रहे थे. टॉम के इस बयान के बाद दुनिया भर में उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है.
दरअसल, मार्च 2026 में सोशल मीडिया पर टॉम हॉलैंड और जेंडाया की इटली के लेक कोमो में शादी की कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें वायरल हुई थीं. ये तस्वीरें इतनी असली लग रही थीं कि टॉम की दादी भी धोखा खा गईं और नाराज हो गईं कि उन्हें शादी में क्यों नहीं बुलाया गया. जब लेटेस्ट इंटरव्यू में टॉम से पूछा गया कि क्या उन्हें अपने दूसरे घरवालों को भी फोन करके समझाना पड़ा कि वे तस्वीरें फेक हैं? तो टॉम ने हंसते हुए दिल जीतने वाला जवाब दिया कि नहीं, मुझे किसी और रिश्तेदार को समझाने की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि वे सभी हमारी असली शादी में मौजूद थे.
ज्यादा कुछ बताने से किया इनकार
जैसे ही रिपोर्टर ने हैरानी जताई कि दुनिया को तो इस शादी के बारे में पता ही नहीं था, टॉम ने मुस्कुराते हुए बात को वहीं रोक दिया और बोला कि बस, इस मामले पर आपको मुझसे इससे ज्यादा और कुछ जानने को नहीं मिलेगा.
नई ‘स्पाइडर मैन’ फिल्म में एक साथ दिखेंगे टॉम और जेंडाया, यहां देखें ट्रेलर
View this post on Instagram
बीवी जेंडाया है बेस्ट फ्रेंड
भले ही टॉम हॉलैंड ने अपनी शादी के वेन्यू या तारीख का खुलासा न किया हो, लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी जेंडाया के लिए दिल खोलकर प्यार बरसाया. टॉम ने कहा कि इस ग्लैमर और तनाव से भरी फिल्म इंडस्ट्री में जेंडाया उनके जीवन का वो मजबूत आधार हैं, जो समय की हर कसौटी पर खरा उतरा है. टॉम हॉलैंड ने अपनी बॉन्डिंग पर बात करते हुए बताया है कि हम दोनों एक-दूसरे को उस तरह सपोर्ट कर सकते हैं जो कोई और नहीं कर सकता, क्योंकि हम दोनों इस लाइफस्टाइल और इसके प्रेशर को अच्छी तरह समझते हैं. मैंने अपने जीवन के सबसे खास इंसान को पा लिया है. जेंडाया मेरी सबसे अच्छी दोस्त है. जब मैं उसके साथ होता हूं, तो दुनिया में सबसे ज्यादा खुश, सुरक्षित और सपोर्टेड महसूस करता हूं.
‘स्पाइडर-मैन’ के ऑडिशन के दौरान ही दिल दे बैठे थे टॉम!
इंटरव्यू के दौरान टॉम ने साल 2016 के उन दिनों को भी याद किया जब जेंडाया ‘स्पाइडर-मैन: होमकमिंग’ फिल्म के लिए ऑडिशन देने आई थीं. टॉम ने बताया कि वो जेंडाया के काम से इस कदर प्रभावित हुए थे कि उन्हें तभी अंदाजा हो गया था कि ये रोल जेंडाया को ही मिलने वाला है.
कब शुरू हुई थी टॉम और जेंडाया की लव स्टोरी?
टॉम हॉलैंड और जेंडाया की जोड़ी को फैंस ‘Tomdaya’ के नाम से बुलाते हैं. दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत 2016 में स्पाइडर-मैन के सेट से ही हुई थी. सालों तक दोस्ती के बाद साल 2021 में लॉस एंजिल्स में कार के अंदर किस करते हुए दोनों की तस्वीरें वायरल हुईं, जिसके बाद इनका रिश्ता दुनिया के सामने आया. दिसंबर 2024 में दोनों ने सगाई की और अब 2026 में आखिरकार टॉम ने अपनी सीक्रेट वेडिंग पर मुहर लगा दी है.