पंजाब के जालंधर में बीएसएफ चौक के पास मंगलवार रात एक एक्टिवा स्कूटर में हुए जोरदार धमाके ने सबको दहला दिया. शुरुआत में इसे गाड़ी की तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट से लगी आग माना जा रहा था. अब इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने चौंकाने वाला दावा किया है. टॉप इंटेलिजेंस सोर्सेज के मुताबिक यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया ग्रेनेड हमला था. धमाके का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं. इस ब्लास्ट के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया था. अब इस हमले के पीछे सीमा पार बैठे आकाओं का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है.
