इंग्लैंड में चल रहे आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती मुकाबलों में ही कुछ खिलाड़ियों को अपना डेब्यू करने का मौका मिला है. कुछ खिलाड़ियों ने अपना करियर ही शुरू किया है तो कुछ ऐसी भी हैं, जो लंबे वक्त से खेल रही हैं लेकिन पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में उन्हें अपना कमाल दिखाने का अवसर मिला है. इनमें से ही एक खिलाड़ी ने अपने पहले ही मैच में अर्धशतक जमा दिया. नीदरलैंड की कप्तान बबेटा डि लीडा ने वर्ल्ड कप के अपने डेब्यू मैच में बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक जमा दिया.
पहले ही मैच में खेली कप्तानी पारी
बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में रविवार 14 जून को खेले गए मुकाबले में नीदरैंलड का सामना बांग्लादेश से हुआ था, जिसमें डच टीम पहले से ही कमजोर आंकी जा रही थी. हालांकि, उन्होंने बांग्लादेश को पूरे मैच में अच्छी टक्कर दी. इसकी वजह बनीं 26 साल की कप्तान डि लीडा, जिन्होंने पहले बैटिंग करते हुए अपनी टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेली और नीदरलैंड को 139 रन तक पहुंचाने में योगदान दिया.
बैटिंग ऑर्डर में तीसरे नंबर पर उतरीं बबेटा डि लीडा ने दूसरे ओवर में ही मोर्चा संभाल दिया था और 17वें ओवर तक क्रीज पर जमी रहीं. हालांकि नीदरलैंड की ज्यादातर बल्लेबाजों की तरह वो भी तेजी से रन नहीं बटोर सकीं लेकिन क्रीज पर टिककर उन्होंने छोटी-छोटी और अहम साझेदारियां कीं, जिनके दम पर नीदरैंलड मुकाबले लायक स्कोर तक पहुंच सकी.
भाई ने भी लगाया था अर्धशतक
इस दौरान डिलीडा ने 45 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा किया, जो वर्ल्ड कप में उनका पहला और टी20 करियर में 8वां था. हालांकि, वो अपनी पारी को आगे बढ़ाकर ताबड़तोड़ फिनिश नहीं कर सकीं क्योंकि 17वें ओवर में ही वो 50 रन के स्कोर पर रन आउट हो गईं. मगर इस पारी से उन्होंने अपने नाम खास उपलब्धि कर दी. आपको बता दें कि डि लीडा के चचेरे भाई बास डि लीडा नीदरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हैं और इसी साल उन्होंने भी टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला अर्धशतक जमाया था.
बांग्लादेश के हाथ लगी जीत
मैच की बात करें तो डि लीडा की पारी के दम पर नीदरलैंड ने मुकाबले लायक स्कोर तो बनाया लेकिन ये जीत के लिए काफी नहीं था. इसकी वजह बांग्लादेशी की 20 साल की ओपनर जुऐरिया फिरदॉस थीं, जो खुद टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला ही मैच खेल रही थीं और उन्होंने ओपनिंग करते हुए 33 गेंदों पर ही 50 रन कूट दिए. बांग्लादेश ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज की.
