
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (1 अगस्त) को कर्नाटक दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने मैसूरु में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र (विवेक स्मारक) का उद्घाटन किया. इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद थे.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि उनके पास बोलने के लिए सिर्फ पांच मिनट हैं, इसलिए वो ज्यादा समय नहीं लेंगे क्योंकि पीएम का संदेश ज्यादा महत्वपूर्ण है. इसको देखते हुए उन्होंने अपना भाषण छोटा कर दिया.
अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि ‘मुझे बहुत कुछ कहना है, लेकिन मुझे सिर्फ पांच मिनट दिए गए हैं. मैं आपका समय बर्बाद नहीं करना चाहता. प्रधानमंत्री का संदेश देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है’. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से राज्य को समर्थन देने और इसकी प्रगति के लिए मिलकर काम करने की अपील की.
‘देश को कर्नाटक के साथ आगे बढ़ना है’
डीके शिवकुमार ने कहा ‘पूरा राज्य आपके (प्रधानमंत्री मोदी) साथ खड़ा है. हम सब मिलकर काम करना चाहते हैं. मैं आपसे अपील करता हूं, आइए हम सब मिलकर काम करें’. उन्होंने आगे कहा कि भारत को कर्नाटक के साथ आगे बढ़ना है और राज्य इस देश को गौरवान्वित करने के लिए काम करेगा.
उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति कर्नाटक की तरक्की से जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि कर्नाटक और बेंगलुरु भारत के लिए विश्व का द्वार बन गए हैं. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को कर्नाटक और विशेष रूप से बेंगलुरु के जरिए देखती है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रदेश के सभी लोगों की तरफ से पीएम से आग्रह करते हैं कि केंद्र सरकार राज्य के विकास में सहयोग करे.
‘बेंगलुरु दुनिया के लिए भारत की पहचान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु आज दुनिया के प्रमुख तकनीकी और नवाचार केंद्रों में शामिल है. उन्होंने कहा कि कर्नाटक और बेंगलुरु भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत कर रहे हैं. ऐसे में राज्य को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना चाहिए, ताकि देश को भी इसका लाभ मिल सके.
अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया. उन्होंने बताया कि जब पू र्वपीएम बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की आधारशिला रखने आए थे, तब उन्होंने कहा था कि दुनिया के कईनेता पहले बेंगलुरु और कर्नाटक आते हैं, उसके बाद देश की राजधानी दिल्ली जाते हैं. उन्होंने कहा कि यह कर्नाटक और यहां के लोगों की ताकत है.
स्वामी विवेकानंद की स्मृतियों को समर्पित है केंद्र
वहीं पीएम मोदी की बात करें तो उन्होंने शनिवार को मैसूरु में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र विवेक स्मारक का उद्घाटन किया. यह केंद्र स्वामी विवेकानंद के जीवन, संदेश और आदर्शों को समर्पित है. यह केंद्र 1892 में स्वामी विवेकानंद की मैसूरु यात्रा की स्मृति में बनाया गया है. उद्घाटन से पहले पीएम ने विवेक स्मारक का दौरा किया, प्रार्थना की और परिसर में एक पौधा लगाया. इसके बाद उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विरासत पर आधारित एक लघु फिल्म देखी. उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं.