मजदूर ने खेत मे काम करने से किया इनकार…. तो जमींदार ने पेट में घोंप दिया चाकू, मौत

Katihar Murder: बिहार के कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में खेत में काम करने से इनकार करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि इसी बात से नाराज एक युवक ने मजदूर गणेश रविदास पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के भाई त्रिलोक रविदास को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

घायल त्रिलोक के अनुसार, पंकज यादव का पुत्र सौरव यादव गणेश को अपने कद्दू के खेत में पानी पटवन के काम के लिए बुलाने आया था. गणेश ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया. आरोप है कि इसी बात से नाराज सौरव ने गणेश के पेट में चाकू घोंप दिया. भाई को बचाने पहुंचे त्रिलोक पर भी हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल गणेश को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई. वहीं घायल त्रिलोक का इलाज फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया. मृतक महादलित परिवार से बताया जा रहा है.

जवान बेटे का शव गोद में लेकर थाने पहुंची मां

घटना के बाद मृतक की मां का दर्दनाक दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो उठा. परिजनों के मुताबिक, सुखो देवी अपने जवान बेटे गणेश का शव गोद में लेकर पोठिया थाना पहुंच गईं. बाद में अस्पताल परिसर में भी वह बेटे के शव को सीने से लगाए बैठी रहीं. बेटे को पुकारती मां की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है.

मामले में मृतक की मां सुखो देवी ने एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि गणेश स्मैक बेचने से इनकार कर रहा था और इसी वजह से उस पर दबाव बनाया जा रहा था. मां ने आरोप लगाया कि पोठिया निवासी सौरव कुमार कथित रूप से स्मैक के कारोबार से जुड़ा है और गणेश को भी इसमें शामिल होने के लिए कहा जा रहा था. हालांकि, स्मैक कारोबार से जुड़े इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है. पुलिस जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

आरोपी युवक गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया. पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आरोपित युवक को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी घटना के करीब एक घंटे के भीतर कर ली गई. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घटना को लेकर एक ओर खेत में काम करने से इनकार को विवाद की वजह बताया जा रहा है, वहीं मृतक की मां ने स्मैक बेचने के दबाव का आरोप लगाया है. पुलिस जांच के बाद ही यह साफ होगा कि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

ये भी पढ़ें: बिहार: दरभंगा DMCH में मानवता शर्मसार! लावारिस मरीज को जमीन पर घसीटता दिखा गार्ड

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version