संभाजीनगर ट्रिपल डेथ केस: कुछ घंटे पहले YouTube पर मां ने शेयर किया था दर्दभरा वीडियो- ऐसे रिश्ते से बाहर निकलना बेहतर

Chhatrapati Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर के खवड्या डोंगर (पहाड़) पर हुई दिल दहला देने वाली घटना में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. बेटे को खाई में कूदने से रोकने के लिए “मैं मंगलसूत्र फेंक रही हूं, तुम्हारे साथ चलूंगी…” की आर्त पुकार लगाने वाली मां संगीता चंदगुडे को लेकर एक अहम जानकारी उजागर हुई है. संगीता चंदगुडे पेशे से एक यूट्यूबर (YouTuber) थीं और अपने यूट्यूब चैनल पर अपने परिवार, रोजमर्रा की जिंदगी और अपनी भावनाओं को वीडियो के जरिए साझा किया करती थीं.

इस भयावह हादसे से महज कुछ घंटे पहले (घटना की पूर्व संध्या पर) संगीता ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक बेहद भावुक वीडियो पोस्ट किया था. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियों में आ गया है. वीडियो में संगीता रिश्तों में कड़वाहट, कदर न होने और आत्मसम्मान को लेकर खुलकर बात करती नजर आ रही हैं. वीडियो में संगीता चंदगुडे बोलीं- जिस रिश्ते में आपके प्यार की कदर न हो, उस रिश्ते का कोई मतलब नहीं रह जाता.

“रिश्ते में सम्मान न हो तो बाहर निकल जाना बेहतर”

वायरल हो रहे इस वीडियो में संगीता आगे कहती हैं कि एक स्वस्थ और सच्चे रिश्ते में दोनों तरफ से प्रेम, आत्मीयता और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान होना बेहद जरूरी है. अगर किसी रिश्ते में ये चीजें खत्म हो जाएं, तो घुट-घुट कर जीने के बजाय ऐसे रिश्ते से बाहर निकल जाना ही सबसे बेहतर फैसला होता है. संगीता के इस वीडियो को देखने के बाद अब यह सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या घर के भीतर लंबे समय से कोई गहरा मानसिक और पारिवारिक तनाव चल रहा था, जिसे वे वीडियो के जरिए बयां कर रही थीं?

ये भी पढ़ें: बच्चे की दवा से शुरू हुआ विवाद, फिर 10 मिनट में पति का काम तमाम दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता के कत्ल की Inside Story

क्या है वीडियो का हादसे से कनेक्शन?

हालांकि, पुलिस और जांच एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि इस वीडियो का इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से सीधा कोई संबंध था या नहीं. पुलिस अधिकारी अब संगीता चंदगुडे के यूट्यूब चैनल, उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स और पारिवारिक कॉल रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस भावुक वीडियो के पीछे की असली कहानी क्या थी और क्या इसका इस दर्दनाक कदम से कोई लेना-देना था.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version