
क्या भारत-इंग्लैंड के बीच पहले टी20 मैच के साथ ही इतिहास रचा जाने वाला है? क्या 1 जुलाई को भारतीय क्रिकेट में सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर का नया रिकॉर्ड कायम हो जाएगा? अगर चेस्टर-ले-स्ट्रीट से आ रहे संकेत को समझें तो कहना मुश्किल है. मगर एक सोशल मीडिया पोस्ट ने जो इशारा किया है, वो उम्मीद जगाने वाला है. बुधवार 1 जुलाई को भारत-इंग्लैंड के पहले टी20 मैच में वो पल आ सकता है, जब 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पहली बार भारतीय सीनियर टीम के साथ नीली जर्सी पहनकर मैदान पर कदम रखें. इसकी उम्मीद खुद वैभव के एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने जगाई है.
मैच से एक दिन पहले मंगलवार 30 जून को भारतीय टीम की प्रेस कॉन्फ्रेंस से लेकर सोशल मीडिया तक, यही चर्चा होती रही कि वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू होगा या नहीं. कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो जवाब दिए, उनसे यही लगा कि वैभव को शायद फिर से इंतजार करना पड़ सकता है. उनके जवाबों की वीडियो क्लिप और बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे कई फैंस खासे नाराज नजर आए और वो कप्तान से लेकर कोच और मैनेजमेंट पर अपनी भड़ास निकालते दिखे.
वैभव ने इंस्टाग्राम पर क्या पोस्ट किया?
अब वैभव खेलेंगे या नहीं, इसका पता तो मैच से आधा घंटा पहले ही चलेगा. वैसे भी भारतीय क्रिकेट में बहुत ही कम ऐसा देखने को मिला है, जब मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये ऐलान हो कि कौन सा खिलाड़ी डेब्यू करेगा. ऐसे में अगर अय्यर ने खुलकर नहीं बताया तो कोई हैरानी नहीं है. मगर मंगलवार का दिन खत्म होने से पहले वैभव सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ फोटो पोस्ट कीं, जो उनके मौजूदा इंग्लैंड दौरे की हैं.
View this post on Instagram
इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘ग्रेटफुल (कृतज्ञ). साथ में ‘रेत घड़ी’ (Hourglass) वाला इमोजी लगाया था. अब इस इमोजी में ही सारा खेल है. इसका मतलब इंतजार से होता है और आमतौर पर तब इसका यूजर्स करते हैं, जब कुछ नया होने वाला होता है. अब वैभव के मामले में तो कुछ नया होना यानि उनका डेब्यू होना ही है. मैच से एक दिन पहले ऐसे पोस्ट से सवाल तो उत्सुकता तो बढ़नी ही है कि क्या उनका डेब्यू होने वाला है.
आयरलैंड में नहीं मिला मौका
15 साल के युवा ओपनर वैभव को पहली बार टीम इंडिया में चुना गया है. माना जा रहा था कि IPL 2026 में 776 रन बनाने के बाद वैभव को आयरलैंड सीरीज में मौका मिलेगा लेकिन दोनों टी20 मैच में वो बेंच पर बैठे रहे. टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की खूब आलोचना हुई. फिर टीम ये दोनों ही मैच हार गई, जिसके बाद वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच से ही मौका दिए जाने की मांग तेज हो गई.