IPL 2026: RCB का वो खास रिकॉर्ड, जिसका धोनी से है कनेक्शन, कोई कर पाएगा इसकी बराबरी?

पहली बार आईपीएल चैंपियन बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पिछले सीजन की सफलता को दोहराने के लिए बेकरार है. रजत पाटीदार की कप्तानी और विराट कोहली जैसे स्टार बल्लेबाज वाली इस सबसे पॉपुलर फ्रेंचाइजी के फैंस पहली बार टीम को डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में खेलते हुए देखने के लिए बेकरार हैं. जहां फैंस टीम को जीतते हुए देखना चाहेंगे, वहीं उनकी ये ख्वाहिश भी होगी कि RCB इस बार भी उस रिकॉर्ड को दोहराए, जो टीम ने पिछले सीजन बनाया था, जिसका कनेक्शन एमएस धोनी के मशहूर नंबर-7 से है.

क्या है ये रिकॉर्ड और क्या कोई इसकी बराबरी कर पाएगा? चलिए आपको विस्तार से बताते हैं. लगातार 17 सीजन में नाकाम होने के बाद RCB ने 18वें सीजन में पहली बार IPL का खिताब जीतने में सफलता हासिल की थी. बेंगलुरु की ये सफलता पाटीदार की कप्तानी में आई, जिसमें विराट कोहली, जॉश हेजलवुड, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या समेत लगभग हर खिलाड़ी ने बड़ी भूमिका निभाई.

बेंगलुरु की इस सफलता में एक बड़ा रोल इस टीम के उस रिकॉर्ड ने निभाया, जो IPL में इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला था. यहां तक कि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी 5-5 बार की चैंपियन टीमें भी नहीं कर सकी थीं. ये है लीग स्टेज में घर से बाहर सभी 7 मैचों में जीत. जी हां, RCB का पिछले साल प्रदर्शन कुछ ऐसा ही था, जहां टीम को अपने घर बेंगलुरु में पहली जीत के लिए इंतजार करना पड़ा, तो वहीं टीम ने घर से बाहर खेले सभी 7 मैच जीते थे.

ये IPL के इतिहास का एक खास रिकॉर्ड है, जो इससे पहले कभी कोई टीम हासिल नहीं कर पाई थी. इन जीतों के दम पर ही RCB ने तब प्लेऑफ में जगह बनाई थी और फिर पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया था. अब क्या इस सीजन में खुद RCB या कोई दूसरी टीम इस रिकॉर्ड को दोहरा पाएगी, ये देखने लायक होगा.

Enjoy this blog? Please spread the word :)

Exit mobile version