
एपल के WWDC 2026 इवेंट में इस बार सिर्फ नए फीचर्स नहीं बल्कि एक भावनात्मक पल भी देखने को मिला. सीईओ टिम कुक ने अपने आखिरी WWDC कीनोट में एक बार फिर अपना जलवा दिखाया और डेवलपर्स को खास संदेश देते हुए एपल के भविष्य को लेकर भरोसा जताया. इसी इवेंट में सिरी को पूरी तरह बदलकर Siri एआई बना दिया गया और एपल इंटेलिजेंस के साथ iOS 27 जैसे बड़े अपडेट पेश किए गए. यह WWDC इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसमें टिम कुक के आखिरी कीनोट के साथ एपल के एआई भविष्य की बड़ी झलक देखने को मिली. ऐपल पार्क के मशहूर रेनबो के नीचे खड़े होकर टिम कुक ने कहा कि बेहतरीन प्रोडक्ट बनाना हमेशा एपल का असली लक्ष्य रहा है और आने वाला समय और भी बेहतर होगा.
टिम कुक ने कहा,
निजी तौर पर मेरे सीईओ के रूप में समय के सबसे बेहतरीन पलों में से कुछ ऐसे ही इवेंट रहे हैं. आप सभी के साथ मिलकर नए और शक्तिशाली टूल्स साझा करना और फिर यह देखना कि आप उनसे क्या बनाते हैं, यह हमेशा इस बात की याद दिलाता रहा है कि कल्पना की कोई सीमा नहीं होती. सालों से आपने लोगों को जोड़ने, बनाने, सीखने और दुनिया को नए और शानदार तरीकों से अनुभव करने में मदद की है. और आज हमने जो शानदार क्षमताएं पेश की हैं और जो आगे आने वाली हैं, उन्हें देखते हुए मुझे सच में लगता है कि सबसे अच्छा समय अभी बाकी है.
एपल में दुनिया के बेहतरीन प्रोडक्ट बनाकर लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाना हमेशा हमारा मुख्य लक्ष्य रहा है. यह हमारे लिए नॉर्थ स्टार की तरह रहा है. इस मिशन को आगे बढ़ाने में ऐसी टीमों के साथ काम करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है, जिनकी रचनात्मकता, देखभाल और प्रतिबद्धता लोगों की जिंदगी में स्थायी बदलाव ला रही है. आप सभी का धन्यवाद कि आप यहां आए. आइए एक शानदार WWDC मनाते हैं.
Siri एआई का बड़ा अपग्रेड
एपल ने WWDC 2026 में Siri को रीब्रांड करके Siri एआई बना दिया है. अब यह सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देगा, बल्कि यूजर के मैसेज, फोटो, ईमेल और ऐप्स को समझकर काम करेगा. यह एपल इंटेलिजेंस पर आधारित है और इंसानों जैसी बातचीत करने में सक्षम होगा. यह यात्रा प्लान, मैसेज ड्राफ्ट और फोटो से जुड़ी जानकारी भी संभाल सकता है.
नया Siri ऐप और बेहतर अनुभव
एपल ने Siri एआई के लिए एक अलग ऐप लॉन्च किया है जहां यूजर अपनी पूरी चैट हिस्ट्री देख सकते हैं. यह iPhone, iPad और Mac पर काम करेगा. अब Siri एआई की बातचीत ज्यादा नैचुरल और लगातार हो गई है, जिससे यूजर एक ही टॉपिक पर लंबी बातचीत कर सकते हैं. यह स्क्रीन पर मौजूद कंटेंट को भी समझकर मदद कर सकता है.
Apple Intelligence और सिस्टम इंटीग्रेशन
WWDC 2026 में एपल इंटेलिजेंस को और मजबूत किया गया है, जो टेक्स्ट, आवाज और इमेज तीनों को समझ सकता है. एपल का फोकस सिर्फ एआई दिखाने पर नहीं बल्कि उसे सुरक्षित और उपयोगी बनाने पर है. Siri एआई अब इसी सिस्टम के साथ मिलकर ज्यादा स्मार्ट और सटीक जवाब देता है. यूजर डेटा की प्राइवेसी पर भी पूरा ध्यान रखा गया है.
iOS 27 और परफॉर्मेंस सुधार
एपल ने iOS 27 पेश किया है जिसमें स्पीड और परफॉर्मेंस पर बड़ा सुधार किया गया है. फोटो लोडिंग और AirDrop ट्रांसफर पहले से तेज हो गए हैं. मल्टीटास्किंग भी बेहतर हुई है. सिरी एआई का गहरा इंटीग्रेशन iOS 27 में शामिल है और यह अपडेट iPhone 11 और नए मॉडल्स तक मिलेगा.
macOS 27 Golden Gate
एपल ने WWDC 2026 में मैक के लिए नया ऑपरेटिंग सिस्टम macOS 27 Golden Gate की भी घोषणा की. यह macOS Tahoe 26 का अपग्रेड है और iOS 27 और बाकी सिस्टम के साथ पेश किया गया है. इसमें एआई फीचर्स, Siri सुधार और परफॉर्मेंस अपग्रेड पर फोकस किया गया है. लिक्विड ग्लास डिजाइन को और कस्टमाइज करने के विकल्प भी दिए गए हैं. macOS 27 को एपल सिलिकॉन चिप्स के लिए बेहतर बनाया गया है, जिससे स्पीड और बैटरी परफॉर्मेंस बढ़ेगी. साथ ही यह Intel Mac के लिए आखिरी बड़ा अपडेट भी माना जा रहा है.
WWDC 2026 का ओवरऑल विजन
इस बार का WWDC सिर्फ सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं बल्कि एपल के एआई भविष्य की झलक था. सिरी एआई, एपल इंटेलिजेंस और iOS 27 मिलकर पूरा इकोसिस्टम बदल रहे हैं. टिम कुक का आखिरी कीनोट इसे और खास बनाता है. एपल अब पूरी तरह एआई आधारित स्मार्ट अनुभव की तरफ बढ़ रहा है.
ये भी पढ़ें: अब बदल गई Apple की Siri, ये मिला नया नाम, फीचर्स भी जानें